सतीश ‘दादा’ राठौर को नम आंखों से दी अंतिम विदाई, उमड़ा जनसैलाब

सीहोर। शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी सतीश राठौर दादा की अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। नम आंखों से सभी ने अपने ‘दादा’ को अंतिम विदाई दी।
बता दें स्वर्गीय सतीश राठौर दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और सीहोर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष स्व. बैनी प्रसाद राठौर के बड़े पुत्र थे। वे वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के बड़े पिताजी और विवेक राठौर के पिता थे। दादा ने अपने जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष और हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष रहे। उनके निधन से पूरे सीहोर नगर और समाज को गहरा आघात पहुंचा है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने जताया शोक
शाम को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर से फोन पर बात की और सतीश राठौर के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में ढांढस बंधाया।
जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
दादा की अंतिम यात्रा में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, विधायक सुदेश राय, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, वरिष्ठ नेता सनी महाजन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
परिवार के लिए अपूरणीय क्षति
पिता के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए विवेक राठौर ने कहा कि पिता का जाना परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। जनसेवा और परिवार को जोडक़र रखने के उनके संस्कार हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।