सीहोर। कोतवाली थाना अंतर्गत तहसील चौराहा के पास देर रात एक 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। एक युवक के साथ दोस्ती रखने की बात से नाराज तीन युवकों ने किशोर को रास्ते में रोककर न केवल गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि छुरी से वार कर उसे घायल कर दिया। घायल किशोर को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जूनियाबाड़ी कस्बा निवासी जैद खान अपने भाई शोएब के साथ मोटर वाइंडिंग का काम करता है। 14 नवंबर की रात करीब 12.30 बजे जैद अपने साथी अयान के साथ अनवर भाई के यहां से खाना खाकर अयान की स्कूटी से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वे दोनों तहसील चौराहा के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद तीन युवक हमजा, उबेर और शहनवाज ने उनका रास्ता रोक लिया।
दोस्ती को लेकर हुआ विवाद
पीडि़त जैद खान ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि तीनों आरोपियों ने उसे रोकते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और सवाल किया कि वह अरशान के साथ क्यों रहता है। जब जैद ने कहा कि अरशान उसका दोस्त है तो आरोपी भडक़ गए। विवाद बढऩे पर आरोपी हमजा ने अपने पास रखी छुरी निकालकर जैद पर हमला कर दिया। इस हमले में जैद की पीठ के दाहिने हिस्से, कमर के बाएं हिस्से और बाएं कंधे पर गहरी चोटें आईं और खून बहने लगा। हमले के दौरान शहनवाज ने जैद को पकड़ रखा था, जबकि उबेर ने उसके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। जब साथी अयान ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे भी अपशब्द कहे।
राहगीरों ने बचाया, इलाज के बाद थाने पहुंचा
रात के सन्नाटे में शोर-शराबा और चिल्लाचोट सुनकर आसपास मौजूद आहद और अमान मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर जैद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। जाते-जाते तीनों आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो बच गया, लेकिन भविष्य में यदि वह दोबारा अरशान के साथ दिखाई दियाए तो उसे जान से खत्म कर देंगे। घटना के बाद अयान और हसीब भाई घायल जैद को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इलाज के बाद पीडि़त ने अपने भाई शोएब के साथ थाने पहुंचकर तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


