सीहोर। अहमदपुर थाना क्षेत्र एक ऐसा हाई-वोल्टेज और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आम जनता के भी होश उड़ा दिए हैं। पिछले 11 दिनों से एक ही परिवार के तीन सदस्य पति, पत्नी और बेटा अचानक ऐसे गायब हुए हैं कि उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा। मामले में मर्डर, किडनैपिंग या खुद गायब होने की थ्योरी पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जानकारी के अनुसार लापता सुरेश दांगी, उनकी पत्नी ओमवती और बेटा राजेश निवासी खाईखेड़ा बीते 3 नवंबर से लापता है। यह आरोपी सुदेश-ओमवती दांगी की बेटी किरण दांगी ने जनसुनवाई में पहुंचकर लगाए हैं। किरण का कहना है कि उनके माता-पिता और भाई गत 3 नवंबर से खाईखेड़ा स्थित जमीन से गायब हैं, जहां वे 24 अक्टूबर से रह रहे थे। किरण के मुताबिक जिस रात वे गायब हुए, उस रात जमीन पर उनके दोनों मामा डालचंद और चंदन भी मौजूद थे, जिनसे पुराना जमीनी विवाद चल रहा है। शक तब और गहरा गया जब गायब होने के अगले दिन घटनास्थल की एक दीवार पर लाल रंग पोता हुआ मिला, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि वहां साक्ष्यों को छिपाने की कोशिश की गई है।
मामा बोले, जीजा ने खुद रचा है गायब होने का ड्रामा
भांजी के गंभीर आरोपों के बाद दोनों मामा डालचंद और चंदन खुद कलेक्टर और एसपी दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने साफ कहा कि वे पूरी तरह निर्दोष हैं और पुलिस की हर जांच में सहयोग करने को तैयार हैं। मामाओं ने दावा किया कि जमीन का विवाद कोर्ट में चल रहा है और हाल ही में हाईकोर्ट से उनके पक्ष में स्टे आ चुका है। उनका आरोप है कि कानूनी शिकंजे और अवमानना के मामलों से बचने के लिए शातिर जीजा सुरेश दांगी ने खुद ही अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर गायब होने का नाटक रचा है, ताकि वे उन्हें झूठे अपहरण या मर्डर केस में फंसा सकें। मामाओं ने तो यह तक कह दिया कि पुलिस चाहे तो शक के आधार पर पूरी दीवार खुदवा कर देख ले।
दांगी समाज ने भी दिया अल्टीमेटम
इस दिलचस्प और उलझे हुए मामले को लेकर दांगी समाज के लोगों ने भी मोर्चा खोल दिया है। समाज के अध्यक्ष बाबूलाल दांगी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने एसपी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और पुलिस को लापता लोगों को ढूंढने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
पुलिस टीम को मिली फफूंद लगी रोटियां
इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम भी जांच में जुटी है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस मिस्ट्री में नए और चौंकाने वाले मोड़ आ रहे हैं। पुलिस टीम को सर्चिंग के दौरान नाले के किनारे गायब परिवार की बाइक, फफूंद लगी रोटियों से भरे टिफिन, एक हंसिया और लौटा बरामद हुआ है। अहमदपुर थाना प्रभारी बीएल त्यागी के अनुसार पुलिस लापता परिवार की तलाश में पूरी ताकत से जुटी हुई है और सभी संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


