मां नर्मदा हॉस्पिटल के स्थापना दिवस पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

#Sehore, सीहोर। बस स्टैंड स्थित मां नर्मदा हॉस्पिटल के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भव्य कार्यक्रम और नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान सीहोर सहित ग्रामीण अंचलों से आए सैंकड़ों मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुई। इसके बाद विधिवत रूप से हनुमान जी महाराज और महाराणा प्रताप की तस्वीर पर पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय और विशेष अतिथि के रूप रूप में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांत पदाधिकारी अतुल राठौर काका शामिल हुए।
महाराणा प्रताप युवा संगठन के संस्थापक अध्यक्ष, मां नर्मदा हॉस्पिटल सीहोर एवं ब्रिजेश नगर स्थित तुलसी हॉस्पिटल के डायरेक्टर तथा सवा करोड़ हनुमान चालीसा पाठ का संकल्प लेने वाले ज्ञान सिंह मेवाड़ा ने अतिथियों का फूल मालाओं से स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए।
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ
शिविर में पहुंचे मरीजों के लिए अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा बीपी और शुगर की निशुल्क जांच की गई। साथ ही मरीजों को जरूरी स्वास्थ्य परामर्श दिए गए और दवाइयों पर विशेष छूट प्रदान की गई।
कर्मचारियों और मातृ शक्तियों का सम्मान
डायरेक्टर ज्ञान सिंह मेवाड़ा ने अतिथियों के साथ मिलकर मां नर्मदा अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों, अन्य सभी कर्मचारियों और अस्पताल संचालन में सहयोग देने वाली मातृ शक्तियों को दीपावली के उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।
अब श्यामपुर है लक्ष्य
सभा को संबोधित करते हुए डायरेक्टर ज्ञान सिंह मेवाड़ा ने सभी सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों की सेवा करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने घोषणा की कि सीहोर के ब्रिजेश नगर के बाद अब श्यामपुर क्षेत्र में भी सर्वसुविधा युक्त नया अस्पताल खोलने की आगामी योजना है। अतिथियों ने मां नर्मदा हॉस्पिटल के सफलतम 6 वर्ष पूरे होने पर डायरेक्टर ज्ञान सिंह मेवाड़ा और समस्त मेडिकल स्टाफ को बधाई दीं।
जले खुशियों के दीप
इस दौरान अस्पताल के नाम का विशेष केक काटा गया, खुशियों के दीप जलाए गए और सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप युवा संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मीडिया कर्मी, शहर के गणमान्य नागरिक और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।