#Sehore, सीहोर। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने इस बार गोवर्धन पूजा के पावन पर्व को पूरे प्रदेश में भव्य और व्यापक स्तर पर मनाने का प्लान बनाया था। इसके तहत राज्य सरकार के तमाम मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की कमान सौंपी गई थी, ताकि जिला स्तर पर बड़े और प्रभावी आयोजन हो सकें। इसी कड़ी में सीहोर जिले की पूरी जिम्मेदारी सीहोर जिले की ही इछावर विधानसभा सीट से विधायक और प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को सौंपी गई थी। लेकिन अक्सर होने वाले सरकारी आयोजनों की पुरानी रवायत की तरह यह जिला स्तरीय कार्यक्रम भी पूरे जिले में फैलने के बजाय आखिरकार इछावर विधानसभा तक ही सिमटकर रह गया।
गोवर्धन पर्व के इस विशेष अवसर पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा इछावर तहसील के ग्राम भाऊखेड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय स्तर पर आयोजित गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए जिले का पूरा प्रशासनिक अमला भी वहीं मौजूद रहा। कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरु के और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव समेत कई अधिकारी विशेष रूप से शामिल हुए। इसके बाद राजस्व मंत्री ने स्थानीय कृष्ण गौशाला पहुंचकर गौ माता की पूजा की और गौ सेवा के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व और त्योहार का अपना विशेष महत्व है। ये पर्व समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं संरक्षण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति और गौवंश के महत्व को समाज के सामने प्रस्तुत किया था। आज भी यह परंपरा हमें प्रकृति के संरक्षण और जीवमात्र के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देती है।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसहयोग से विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, गौ सेवा एवं संरक्षण में सहभागिता निभाने तथा समाज के कल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को भी रेखांकित किया।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी केवल विकास और जनकल्याण तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी गौरवशाली संस्कृतिए परंपराओं और धार्मिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना भी सरकार का महत्वपूर्ण दायित्व है। सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसहयोग से विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत समाज को जोडऩे का काम करती हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपसंचालक निलेश देसाई, जनपद सीईओ रूशाली पोरस सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


