सीहोर। राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशाल लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ सीहोर जिले से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र सीहोर, बुधनी, इछावर और आष्टा से हजारों कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे।

विधायक सुदेश राय के नेतृत्व में सीहोर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी पहुंचे इसी तरह सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का बड़ा जत्था राजधानी पहुंचा और पदयात्रा में शामिल हुआ।
कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते हैं
पदयात्रा से पूर्व भोपाल के अटल पथ पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 90 से अधिक बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने वाली कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है।
आपातकाल का स्मरण कराते हुए नड्डा ने कहा मैं खुद आपातकाल का भुक्तभोगी रहा हूं। कांग्रेस अच्छी तरह समझ चुकी है कि देश की जनता उसे अगले 20-30 सालों तक सत्ता में नहीं आने देगी, इसलिए वह चुनाव हारने पर चुनाव आयोग और ईवीएम पर झूठे आरोप लगाती है। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को हिट एंड रन करार देते हुए सलाह दी कि वे संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें।
अदालतों का अपमान करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग सर्वोच्च न्यायालय का अपमान करते हैं और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुडिय़ा समझते हैं, उन्हें देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। जब-जब अदालतों ने कांग्रेस के खिलाफ फैसले दिए हैं, तब-तब पार्टी ने न्यायपालिका का अनादर किया है और आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।


