8 नवंबर को प्रदोष काल और स्थिर लग्न में मनेगी दीपावली

#Sehore, सीहोर। इस वर्ष रोशनी और उत्साह का महापर्व दीपावली खास संयोग के साथ मनाया जाने वाला है। पंडित सुनील शर्मा के अनुसार इस साल दीपोत्सव का यह पावन पर्व 6 नवंबर शुक्रवार से शुरू होकर 11 नवंबर बुधवार तक यानी कुल पांच दिनों तक धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार दीपावली 8 नवंबर को प्रदोष काल और स्थिर लग्न में मनाई जाएगी।
पंडित शर्मा ने बताया कि 1 और 2 नवंबर को पुष्य नक्षत्र का विशेष संयोग रहेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार पुष्य नक्षत्र की इस अवधि में नए बर्तन, वस्त्र, आभूषण और वाहन खरीदना बेहद शुभ माना जाता है, इसलिए लोग इस दौरान जमकर खरीदारी करेंगे।
धन्वंतरि जयंती के साथ शुभारंभ
शुक्रवार 6 नवंबर को हस्त नक्षत्र और प्रदोष व्रत के संयोग के साथ धनतेरस पर दीपोत्सव की शुरुआत होगी। इसी दिन आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की जयंती भी मनाई जाएगी, जिससे पूरे वर्ष घर में सुख-सौभाग्य और आरोग्यता बनी रहे। इस दिन नई वस्तुएं और बर्तन खरीदने की प्राचीन परंपरा है।
7 नवंबर को छोटी दिवाली
शनिवार 7 नवंबर को चित्रा नक्षत्र के साये में नरक चतुर्दशी यानी छोटी दिवाली मनाई जाएगी। पंडित सुनील शर्मा के अनुसार 8 नवंबर रविवार को स्वाती नक्षत्र में दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। अमावस्या तिथि 8 नवंबर की सुबह 10.23 बजे से शुरू होकर 9 नवंबर सोमवार की सुबह 11.01 बजे तक रहेगी। पं. शर्मा ने बताया कि शास्त्र मान्यता के अनुसार प्रदोष काल में अमावस्या तिथि का होना सबसे उत्तम माना जाता है। इसलिए रविवार की शाम को प्रदोष काल में प्रथम पूज्य भगवान गणेश, माता लक्ष्मी, माता सरस्वती और भगवान कुबेर की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
गोवर्धन पूजा और अन्नकूट
9 नवंबर को सुबह 11.02 बजे से प्रतिपदा तिथि शुरू होगी जो 10 नवंबर मंगलवार को दोपहर 12.09 बजे तक रहेगी। उदय तिथि के अनुसार 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन गोमाता के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उनकी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।
भैया दूज 11 नवंबर को
11 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग के महासंयोग में अनुराधा नक्षत्र के तहत भैया दूज का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सफलता और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। इस दिन पवित्र नदी यमुना में स्नान करने का भी विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है।