9वें साल भी जारी रहा संडे का सुकून का खुशियों भरा कारवां

सीहोर। खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और त्योहारों की असली सार्थकता तभी है, जब उनकी खुशियों में समाज का हर वर्ग शामिल हो। इसी सोच और सेवा के जज्बे के साथ सीहोर की लोकप्रिय सामाजिक संस्था संडे का सुकून का खुशियों भरा कारवां इस 9वें साल भी पूरी भव्यता के साथ जारी रहा। संस्था ने लगातार नौवें वर्ष वंचित और जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली का पर्व बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया, ताकि आर्थिक तंगी के कारण जो बच्चे त्योहार की खुशियों से दूर रह जाते हैं, उनके चेहरों पर भी मुस्कान लाई जा सके।
इस वर्ष का आयोजन कई मायनों में बेहद खास रहा, जिसमें करीब 450 बच्चों ने हिस्सा लिया। हर साल की तरह इस बार भी बच्चों को संस्था की टीम का बेसब्री से इंतजार था। बच्चों के लिए पढ़ाई और खेलकूद से जुड़ी उपयोगी सामग्री उपहार स्वरूप लाई गई थी। जैसे ही बच्चों को ये तोहफे मिले, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हम स्टूडेंट लव यू संडे का सुकून कहकर संस्था के प्रति अपना अनूठा प्यार और आभार जताया।
एएसपी-सीएसपी भी हुए शामिल
इस अनूठे आयोजन में शहर के कई दिग्गज और जिम्मेदार चेहरे शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे, सीएसपी अभिनंदना शर्मा, पैरालंपिक पदक विजेता एवं अर्जुन अवॉर्डी कपिल परमार और सूबेदार प्राची राजपूत भी शामिल हुए। अतिथियों ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि जरूरत पडऩे पर वे हमेशा उनके साथ खड़े हैं। इस दौरान एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बच्चों और वहां मौजूद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से एक खास अपील की। उन्होंने सभी से पर्यावरण और सेहत के लिए हानिकारक पटाखों का उपयोग न करने और एक सुरक्षित व इको फ्रेंडली दिवाली मनाने का संदेश दिया।
कपिल परमार ने सुनाई संघर्ष की कहानी
कार्यक्रम का एक और मुख्य आकर्षण रहे पैरालंपिक पदक विजेता व अर्जुन अवॉर्डी कपिल परमार। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और अपने जीवन के कड़े संघर्ष, कड़ी मेहनत व सफलता की पूरी कहानी साझा की। उन्होंने बच्चों को समझाया कि कैसे कठिन से कठिन परिस्थितियों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से अपने लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
भीम-गोरिल्ला डांस और स्वादिष्ट नाश्ते ने बांधा समां
इस बार के आयोजन में प्रदेशभर के कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों के साथ वक्त बिताकर उन्हें स्नेह और प्रोत्साहन दिया, जिससे सोशल मीडिया को सामाजिक सरोकारों से जोडऩे का एक बेहतरीन संदेश गया। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए रखे गए भीम और गोरिल्ला के आकर्षक डांस ने सभी को लोटपोट कर दिया। अंत में स्वादिष्ट नाश्ते की व्यवस्था ने इस आयोजन की रौनक में चार चांद लगा दिए।