दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर गड़बड़ी मिलने पर प्रकरण दर्ज, थमाया गया नोटिस

सीहोर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आष्टा अनुविभाग में प्रशासनिक अमले ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान दो अलग-अलग राशन दुकानों में गंभीर अनियमितताएं और भारी गड़बडिय़ां पाई गईं, जिस पर प्रशासन ने तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है।
आष्टा एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह किरार ने ग्राम पंचायत भटोनी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया। यह दुकान मां दुर्गा स्व. सहायता समूह द्वारा संचालित की जाती है। निरीक्षण के दौरान दुकान पर विक्रेता, सहायक विक्रेता और समूह अध्यक्ष तीनों ही अनुपस्थित मिले। जांच के दौरान मौके पर खाद्यान्न के स्टॉक में भारी अंतर पाया गया।
न बोर्ड मिला, न रिकॉर्ड
इसी क्रम में सहायक आपूर्ति अधिकारी मिताली मेहरा ने ग्राम पंचायत गवाखेड़ा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। यह दुकान सेवा सहकारी समिति द्वारा संचालित की जाती है। यहां निरीक्षण में सामने आया कि दुकान पर सरकार के नियमों के अनुसार निर्धारित बोर्ड, बैनर और आवश्यक अभिलेख व पंजी संधारित नहीं किए गए थे। खाद्यान्न स्टॉक का रख-रखाव भी बेहद लापरवाही से किया जा रहा था।
दोषियों को थमाया गया कारण बताओ नोटिस
अनियमितताओं और नियमों की अनदेखी पाए जाने पर दोनों उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध मध्य प्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही संबंधित विक्रेताओं और संस्था प्रमुखों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब तलब किया गया है।