विधायक राय के जन्मदिन पर देवीपुरा मंडल में गूंजेगी रामधुन, शहर में बहेगी काव्य की रसधार

  • सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र में लगातार तीन बार से जीत का परचम लहराते आ रहे विधायक सुदेश राय का जन्मदिन आगामी 17 नवंबर को पूरे विधानसभा क्षेत्र में भव्यता के साथ मनाया जाएगा। जन्मदिन के इस खास अवसर पर विधायक श्री राय शहर में ही मौजूद रहेंगे और दिनभर आम नागरिकों, शुभचिंतकों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस मौके को यादगार बनाने के लिए समर्थकों द्वारा शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विशेष रूप से विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल देवीपुरा मंडल में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य रामधुन यात्रा का आयोजन रखा गया है।
    बता दें विधायक सुदेश राय के जन्मदिन के अवसर पर देवीपुरा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित की जा रही इस रामधुन यात्रा को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इस धार्मिक यात्रा में अंचल के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर भगवान श्रीराम के जयघोष और भजनों की गूंज सुनाई देगी। कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह यात्रा के स्वागत की तैयारियां भी की जा रही हैं।
    बारेलाल बैंड की धुन पर गूंजेंगी रामधुन
    देवीपुरा मंडल में निकलने वाली इस रामधुन यात्रा को खास बनाने के लिए बाहर से प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। यात्रा में मथुरा-वृंदावन के सुप्रसिद्ध कलाकार हरिदास जी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे, जो अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों और भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। इसके साथ ही नरसिंहगढ़ का प्रसिद्ध बारेलाल बैंड भी अपनी शानदार धुनों और प्रस्तुति से यात्रा की शोभा बढ़ाएगा।
    शहर के लीसा टॉकीज मैदान में होगा भव्य कवि सम्मेलन
    एक तरफ जहां ग्रामीण अंचल में रामधुन यात्रा की धूम रहेगी, वहीं दूसरी तरफ शहर के ऐतिहासिक लीसा टॉकीज मैदान पर 17 नवंबर की शाम एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया है। इस कार्यक्रम में देश के जाने-माने कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी समर्थकों द्वारा सेवा कार्यों और स्वागत समारोहों की रूपरेखा तैयार की गई है।