सीहोर। रोशनी के महापर्व दीपावली के पावन अवसर पर सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने जन-जन के बीच पहुंचकर अनोखे अंदाज में पर्व की खुशियां साझा कीं। दीपावली के इस खास मौके पर नपा अध्यक्ष पूरे शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल निकले और विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर व्यापारियों, दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों व आम नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान बाजारों में जगह-जगह लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने शहर के बाजारों की विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने दुकानदारों का हालचाल जाना और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। बाजार में पहुंचे नपा अध्यक्ष को अपने बीच पाकर व्यापारियों और आम नागरिकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
सीहोर मेरा परिवार है, व्यापारियों से ही है बाजार की रौनक
जनता के बीच पहुंचे प्रिंस राठौर ने कहा कि दीपावली केवल दीये जलाने और रोशनी का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और खुशियां बांटने का त्योहार है। उन्होंने कहा सीहोर मेरा परिवार है और शहर का प्रत्येक नागरिक मेरे परिवार का हिस्सा है। मेरा हमेशा से यह प्रयास रहता है कि हर त्योहार पर शहरवासियों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में शामिल होऊं।
उन्होंने कहा कि शहर के व्यापारी, छोटे दुकानदार, फुटकर व्यवसायी और मेहनतकश लोग सीहोर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। त्योहारों की असली रौनक इन्हीं लोगों की मेहनत और मुस्कान से बाजारों में दिखाई देती है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि नगर पालिका का हमेशा यह प्रयास रहता है कि त्योहारी सीजन में नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी लोग हर्षोल्लास के साथ अपना पर्व मना सकें।
जनप्रतिनिधि का उद्देश्य जनता के सुख-दुख में साथ रहना
प्रिंस राठौर ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक उद्देश्य जनता के बीच रहना, उनके हर सुख-दुख में सहभागी बनना और शहर के प्रत्येक नागरिक से आत्मीय संबंध बनाए रखना है। पद और जिम्मेदारी तभी सार्थक होती है, जब आम नागरिक अपने जनप्रतिनिधि को अपने सबसे करीब महसूस करे। उन्होंने सभी शहरवासियों से दीपावली का यह पर्व प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की तथा मां लक्ष्मी से प्रार्थना की कि सभी परिवारों पर उनकी कृपा बनी रहे और सीहोर शहर निरंतर विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


