सीहोर। महाराष्ट्र के नासिक से आने वाली प्याज की आपूर्ति में आई भारी गिरावट ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसका सीधा असर जिले भर में देखने को मिल रहा है, जहां प्याज के दाम अचानक उछलकर 70 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गए हैं। नासिक से प्याज की आवक कम होने और जिला मुख्यालय स्थित मंडी में भी स्टॉक की कमी के कारण आम लोगों की रसोई का पूरा बजट गड़बड़ा गया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही नासिक से नई खेप नहीं पहुंची तो आने वाले दिनों में प्याज के दाम और भी ज्यादा बढ़ सकते हैं।
बता दें सीहोर और आसपास के क्षेत्रों में प्याज की मुख्य आपूर्ति महाराष्ट्र के नासिक की मंडियों पर निर्भर करती है। सीहोर सब्जी मंडी के प्रमुख व्यापारी सतीश दरोठिया ने बताया कि कीमतों में उछाल के पीछे सबसे बड़ा कारण बाजार में प्याज की भारी किल्लत है। नासिक की थोक मंडियों से सीहोर आने वाली प्याज की खेप में बड़ी कटौती हुई है। पहले के मुकाबले मंडी में बहुत कम मात्रा में प्याज पहुंच रही है।
स्थानीय प्याज भी नदारद
एक तरफ नासिक से सप्लाई प्रभावित है तो दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर भी किसानों के पास पुराना स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है। दोतरफा कमी के कारण मंडी में प्याज की उपलब्धता बेहद कम रह गई है, जिससे थोक और फुटकर दोनों बाजारों में भाव तेजी से चढ़ रहे हैं।
70 रुपए किलो पहुंची प्याज
आमतौर पर बाजार का नियम है कि गर्मी के मौसम में आवक कम होने या त्योहारी सीजन में मांग बढऩे पर प्याज के दाम आसमान छूते हैं। लेकिन इस बार ठंड के मौसम में ही प्याज 70 रुपए किलो तक बिक रही है, जिसने ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को हैरान कर दिया है। व्यापारी सतीश दरोठिया के मुताबिक मौजूदा समय में बाजार में प्याज की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले कुछ कम ही है। इसके बावजूद केवल नासिक से आवक घटने और स्थानीय माल की कमी के चलते कीमतों में इतनी तेजी आई है। उन्होंने कहा कि अगर अगले एक-दो सप्ताह में नासिक से नई फसल की आवक शुरू नहीं हुई तो कीमतें 70 रुपए से भी आगे निकल सकती हैं।
रसोई का बजट बिगड़ा
बता दें प्याज रसोई का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उपयोग लगभग हर सब्जी, दाल और सलाद में होता है। पहले से ही खाद्य तेल, दालों और अन्य सब्जियों की महंगाई से जूझ रहे मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों पर 70 रुपए किलो प्याज ने दोहरी मार डाली है। गृहणियों का कहना है कि महीने का राशन बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। जहां पहले लोग एक बार में 2 से 5 किलो प्याज खरीदते थे, वहीं अब ऊंचे दामों के कारण लोग केवल 250 ग्राम या आधा किलो प्याज खरीदकर ही काम चलाने को मजबूर हैं। होटल और छोटे ढाबा संचालकों की लागत भी इससे काफी बढ़ गई है।


