- सीहोर। शहर में कॉलोनाइजरों की मनमानी और प्रशासन की अनदेखी का खामियाजा आम जनता को किस तरह भुगतना पड़ रहा है, इसकी बानगी रविवार को एक बार फिर देखने को मिली। न्यू चाणक्यपुरी कॉलोनी में पिछले तीन से चार वर्षों से बिजली कनेक्शन और बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेल रहे रहवासियों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। कॉलोनाइजर दीपक चौहान के झूठे आश्वासनों से त्रस्त होकर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी रविवार को करीब 6 किलोमीटर का सफर तय कर स्वामी नारायण मंदिर के सामने स्थित दीपक चौहान के निवास पर जा पहुंचे और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे रहवासियों ने कॉलोनाइजर दीपक चौहान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलोनी को बसे हुए तीन से चार साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी यहां के लोग स्थायी बिजली कनेक्शन जैसी सबसे जरूरी सुविधा के लिए तरस रहे हैं। इसके अलावा कॉलोनी में सडक़, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी पूरी तरह अभाव है। रहवासियों का कहना है कि जब भी इस संबंध में कॉलोनाइजर दीपक चौहान से बात की जाती है तो वह हर बार जल्द ही व्यवस्था सुधारने का कोरा आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं। सिर्फ आश्वासनों की घुट्टी पिलाने के कारण रहवासियों का आक्रोश रविवार को सडक़ पर फूट पड़ा।
कॉलोनाइजरों की मनमानी और प्रशासन की सुस्ती पर सवाल
इस प्रदर्शन ने शहर में बेतरतीब ढंग से काटी जा रही कॉलोनियों और प्रशासनिक लापरवाही पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल शहर में कई कॉलोनाइजर यहां-वहां कॉलोनी तो काट देते हैं और बड़े-बड़े सपने दिखाकर लोगों को प्लॉट व मकान बेच देते हैं, लेकिन वहां बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने से पल्ला झाड़ लेते हैं। इसका सीधा खामियाजा अपनी जीवन भर की जमा-पूंजी लगाकर घर बनाने वाले मध्यमवर्गीय परिवारों को भुगतना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि जब ऐसी अवैध या अविकसित कॉलोनियां काटी जाती हैं, तब जिम्मेदार प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। प्रशासन की इसी सुस्ती और कार्रवाई के अभाव का नतीजा है कि शहर में ऐसी कॉलोनियां धड़ल्ले से फल फूल रही हैं और आम नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
दोपहर डेढ़ बजे चर्चा का दिया आश्वासन
रविवार को अपने घर के बाहर रहवासियों का भारी आक्रोश और नारेबाजी देखकर कॉलोनाइजर दीपक चौहान ने प्रदर्शनकारियों से बात की और उन्हें दोपहर डेढ़ बजे चर्चा के लिए बुलाया है। अब देखना यह होगा कि इस चर्चा में रहवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का कोई ठोस समाधान निकलता है या फिर कॉलोनाइजर की तरफ से उन्हें एक बार फिर सिर्फ नया आश्वासन ही थमाया जाता है।


