गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज ने पहली बार मनाया अन्नकूट महोत्सव, विधायक राय ने धर्मशाला निर्माण के लिए की घोषणा

सीहोर। दीपावली के पावन पर्व पर गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा चिंतामन गणेश मंदिर के पीछे स्थित समाज की धर्मशाला में पहली बार भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोग अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुदेश राय सपत्नीक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। दीपावली के इस खास अवसर पर भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। इसके बाद समाजजनों ने सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण की। समाज द्वारा आयोजित इस सहभोज में सभी ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। पहली बार हुए इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों में भारी जोश और प्रसन्नता देखने को मिली।
धर्मशाला निर्माण के लिए विधायक ने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय ने समाज के विकास कार्यों में सहयोग करते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने समाज की धर्मशाला में बेहतर सुविधाओं के विस्तार के लिए टीन शेड निर्माण और अन्य जरूरी कार्यों हेतु अपनी ओर से आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की। विधायक की इस घोषणा पर समाजजनों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया और आभार जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि इन निर्माण कार्यों से समाज के सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यकारिणी का गठन
इस आयोजन के दौरान गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की नई जिला कार्यकारिणी और महिला कार्यकारिणी की भी आधिकारिक घोषणा की गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों को समाज की एकता, संगठन की मजबूती और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित भाव से काम करने की शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और कल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न केवल आपसी भाईचारा बढ़ाते हैंए बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी जोड़ते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक.दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करने का निर्णय लिया।