अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ा रहे पैरालंपिक जूडो खिलाड़ी कपिल परमार, अब तक जीत चुके हैं 24 पदक

सीहोर। भारत के प्रतिष्ठित पैरालंपिक जूडो खिलाड़ी कपिल परमार ने अपनी कड़ी मेहनत की दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में सीहोर जिले सहित देश का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराया है। एक के बाद एक बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर कपिल परमार ने न केवल भारत का गौरव बढ़ाया है, बल्कि वे आज देश के लाखों युवा और उभरते खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा के सबसे बड़े स्रोत बन गए हैं।
हाल ही में अस्ताना कजाकिस्तान में आयोजित प्रतिष्ठित पैरा एशियन चैंपियनशिप में कपिल परमार ने एक बार फिर अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा में उन्होंने बेहतरीन दांव-पेंच दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम इवेंट में भी अपनी टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया।
पेरिस पैरालंपिक में रचा इतिहास, मिला अर्जुन पुरस्कार
कपिल परमार के खेल करियर का सबसे यादगार पल पेरिस पैरालंपिक 2024 रहा, जहां उन्होंने दुनिया के दिग्गज खिलाडिय़ों को कड़ी टक्कर देते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीता। देश के लिए इस ऐतिहासिक और उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने के सम्मान में भारत सरकार द्वारा उन्हें वर्ष 2024 में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीते कुल 24 मेडल
कपिल परमार की सफलता की कहानी किसी एक टूर्नामेंट तक सीमित नहीं है। उन्होंने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अब तक कुल 24 पदक अपनी झोली में डाले हैं। उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं, जिनमें कॉमनवेल्थ गेम्स 2019 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। चौथे एशियन पैरा गेम्स 2022 में कड़े मुकाबले में रजत पदक हासिल किया। पेरिस पैरालंपिक 2024 में देश को ऐतिहासिक कांस्य पदक दिलाया। पांचवें पैरा एशियन गेम्स 2026 में अपनी लय बरकरार रखते हुए कांस्य पदक जीता। पैरा एशियन चैंपियनशिप अस्ताना में व्यक्तिगत वर्ग में रजत और टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता।
आने वाली पीढ़ी के लिए बने मिसाल
बता दें कपिल परमार की यह असाधारण यात्रा उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कभी हार न मानने वाले जज्बे का परिणाम है। सीमित संसाधनों और चुनौतियों को पार कर जिस तरह उन्होंने विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, वह आने वाली पीढ़ी के खिलाडिय़ों के लिए एक जीवंत मिसाल है।