गणेश मंदिर दर्शन को आए बुआ-भतीजे की कार में मारी टक्कर

सीहोर। गणेश मंदिर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा टल गया। दर्शन कर वापस भोपाल लौट रहे बीए थर्ड ईयर के छात्र और उसकी बुआ की कार को एक तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी प्रिंस कुमार यादव जो मूलत: रातीबड़ सिकंदराबाद रोड न्यू बस्ती भोपाल के रहने वाले हैं और वर्तमान में कॉलेज में बीए थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहे हैं, अपनी बुआ कुंती बाई यादव के साथ सीहोर आए थे।
दोनों अपनी बलेनो कार से सीहोर स्थित गणेश मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन करने के पश्चात दोपहर करीब 2.30 बजे वे वापस भोपाल लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी सीहोर के झागरिया रोड स्थित ऋषि सुपर बाजार के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक अन्य कार के चालक ने अपनी गाड़ी को बेहद तेजी, लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाते हुए उनकी बलेनो कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
बाल-बाल बचे बुआ और भतीजा, गाड़ी के उड़े पुर्जे
टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रिंस कुमार यादव की बैलेनो कार पीछे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में प्रिंस कुमार और उनकी बुआ कुंती बाई यादव को किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और आने-जाने वाले लोगों ने इस पूरी दुर्घटना को अपनी आंखों से देखा। हादसे के बाद मौके पर थोड़ी देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के तुरंत बाद पीडि़त युवक ने थाने पहुंचकर अपनी बुआ के साथ मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उस पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।