सीहोर। विधायक सुदेश राय ने अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद और शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन से अब तक 6 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं और आने वाले समय में 4 हजार करोड़ रुपये के नए विकास कार्य और कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सबका साथ लेकर सीहोर के चहुंमुखी विकास के लिए वे पूरी तरह समर्पित हैं।

बता दें मंगलवार को विधायक सुदेश राय का जन्मदिन विधानसभा क्षेत्र के युवाओं और समर्थकों द्वारा एक महाउत्सव के रूप में मनाया गया। जन्मदिवस के इस खास मौके पर सुबह से ही जिला मुख्यालय स्थित लीसा टॉकीज मैदान पर हजारों की संख्या में नागरिकों और कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से पहुंचे समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। मैदान पर ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और डीजे की गूंज के साथ कई समर्थक तो जेसीबी लेकर भी अपने लाडले नेता का स्वागत करने पहुंचे। विधायक को बधाई देने के लिए मंच पर लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों ने घंटों इंतजार कर उन्हें पुष्पगुच्छ व उपहार भेंट किए।
परिवार के साथ की हनुमान दादा की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम की शुरुआत करने से पहले विधायक सुदेश राय ने सुबह अपनी धर्मपत्नी समाज सेविका अरुणा राय, पुत्री अनुष्का राय, बेटे राज राय और अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ कस्बा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने हनुमान दादा का आशीर्वाद लेकर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद वे सुबह 11 बजे से लीसा टॉकीज मैदान पर उपस्थित हो गए और हर एक कार्यकर्ता व नागरिक से मिलकर उनकी शुभकामनाएं स्वीकार कीं।
12 वर्षों की यात्रा और विकास कार्यों का ब्योरा
नागरिकों का अभिवादन करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के झंडे के नीचे काम करते हुए उन्हें 12 वर्ष हो चुके हैं और जनता के आशीर्वाद से वे तीसरी बार इस क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल सहित तमाम वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन का आभार जताया।
विधायक ने बताया कि सीहोर, श्यामपुर, दोराहा, अहमदपुर, चरनाल, बरखेड़ा हसन, चांदबड़ जागीर सहित क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में अब तक कुल 6 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं। क्षेत्र में स्कूल, अस्पताल, और सडक़ों का जाल बिछाया गया है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं और जल्द ही नर्मदा जल भी किसानों के खेतों तक पहुंचने वाला है।

युवाओं ने सप्ताहभर पहले से किए सेवा कार्य
बता दें विधायक के जन्मदिन को इस बार सेवा कार्यों के रूप में भी मनाया गया। युवाओं ने एक सप्ताह पहले से ही रक्तदान शिविर, फल वितरण, अन्नदान और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया था।
दिग्गज नेताओं ने दी बधाइयां
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित तमाम वरिष्ठ भाजपा नेताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक सुदेश राय को जन्मदिन की आत्मीय शुभकामनाएं दीं।


