- सीहोर। विधायक सुदेश राय के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखा गया। इस खास मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने विधायक सुदेश राय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
बता दें विधायक सुदेश राय के जन्मदिन पर सुबह से ही प्रदेश भर के दिग्गज नेताओं के बधाई संदेश आने शुरू हो गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक सुदेश राय को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के कार्यों में निरंतर सफलता की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एवं प्रदेश संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
लीसा टॉकीज मैदान पर सुबह से ही मेले जैसा माहौल
एक ओर जहां प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय स्थित लीसा टॉकीज मैदान पर सुबह से ही जश्न और उत्सव का माहौल बना हुआ है। अपने नेता को रूबरू बधाई देने के लिए लीसा टॉकीज परिसर में सुबह से ही समर्थकों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई, जिससे पूरे परिसर में किसी बड़े मेले जैसा नजारा दिखाई दे रहा है।
पूरे जिले से पहुंच रहे कार्यकर्ता
विधायक सुदेश राय की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि न केवल सीहोर विधानसभा क्षेत्र, बल्कि जिले की अन्य विधानसभाओं से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए सीहोर पहुंच रहे हैं। शहर के विभिन्न वार्डों से भी समर्थकों के जत्थे लीसा टॉकीज मैदान पहुंचकर उनका स्वागत कर रहे हैं।
दुबे मित्र मंडली ने किया स्वागत
इसी कड़ी में अमन दुबे और प्रदीप गौतम पार्षद मित्र मंडली ने भी लीसा टॉकीज मैदान पहुंचकर विधायक सुदेश राय का पुष्पमालाओं से स्वागत किया और उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की। दिन भर चलने वाले इस आयोजन में कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


