सीहोर। शहर का लीसा टॉकीज मैदान मंगलवार की सर्द रात में हंसी के फव्वारों और तालियों की गडग़ड़ाहट से देर रात तक गूंजता रहा। मौका था विधायक सुदेश राय के जन्मदिन का, जिनके उपलक्ष्य में टॉकीज सामाजिक सांस्कृतिक संगठन द्वारा एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया था। देश के नामचीन कवियों, शायरों और हास्य-व्यंग्य के महारथियों ने अपनी कविताओं और व्यंग्यों से हजारों श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक नागरिकों की भीड़ ने शिरकत की।

कवि सम्मेलन का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान मंच पर राय परिवार के मुखिया एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, जन्मदिन के प्रणेता विधायक सुदेश राय, नीलेश राय, समाजसेविका अरुणा राय, रांझा राय, राजकुमार जायसवाल, राज राय, बिट्टू राय सहित राय परिवार के अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी कवियों का स्वागत किया।
पद्मश्री सुनील जोगी और शबीना अदीब ने लूटी महफिल
कवि सम्मेलन का संचालन देवास के प्रसिद्ध कवि शशिकांत यादव सबरस ने किया। मंच पर एक से बढक़र एक प्रस्तुतियां हुईं।
रोहित झन्नाट उज्जैन: अपनी हास्य कविताओं और शानदार मिमिक्री व्यंग्य से श्रोताओं को लोटपोट कर दिया।
हेमंत पांडे कानपुर: लाफ्टर शो फेम इस कवि ने देश बातों से नहीं, इरादों से चलेगा और कौमी एकता पर आधारित ओजस्वी कविताओं से जमकर तालियां बटोरीं।
पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी: अपनी प्रसिद्ध पंक्तियों, खाना था किसी और का, कोई और खा गया, सलमान की हेकड़ी को बिश्नोई खा गया, बेटियों को जो मार देते हैं, भगवान उनसे बेटे छीन लेते हैं और उत्तर प्रदेश के माहौल पर तंज कसते हुए यूपी के मजनुओं को योगी का डंडा खा गया जैसी रचनाओं से समां बांध दिया।
शबीना अदीब: मशहूर शायरा ने अपनी बेहतरीन गजलों और श्रृंगार रस की शायरी खामोश हैं, झुकी-झुकी निगाहें, अभी मोहब्बत नई-नई है…. से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जानी बैरागी और दिनेश देसी घी: इन हास्य कवियों ने मायावती पर तंज कसते हुए व्यंग्य सुनाया कहे जिद कर रही, कहेकू मर रही कुर्सी के लाने, और मोबाइल के जमाने पर कटाक्ष करते हुए मोबाइल पर मैसेज बड़े खराब हैं, जैसी कविताओं से सर्द रात में भी श्रोताओं को गर्मारहते हुए खूब हंसाया।

अंत तक डटे रहे श्रोता
इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के मुख्य सूत्रधार कहानीकार पंकज पुरोहित रहे। कड़ाके की ठंड के बावजूद सीहोर की जनता ने अंत तक कवि सम्मेलन का पूरा आनंद लिया। इस दौरान उपस्थित हजारों नागरिकों और प्रशंसकों ने विधायक सुदेश राय को उनके जन्म दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।


