सीहोर। बुधनी नगर के वार्ड क्रमांक.12 में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। जूते-चप्पल व्यापारी राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस पूरे हत्याकांड के पीछे क्या वजह थी और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका आधिकारिक खुलासा आज शाम 4 बजे सपुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा।
बुधनी हत्याकांड के पर्दाफाश को लेकर पुलिस विभाग की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आवश्यक सूचना जारी की गई है। इसके तहत आज शाम 4 बजे एसपी कार्यालय के सभागृह में पत्रकार वार्ता बुलाई गई है, जहां पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले और आरोपियों की गिरफ्तारी से जुड़े अहम तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे।
क्या था पूरा मामला
गौरतलब है कि एक दिन पहले यानी बुधवार 18 नवंबर सुबह बुधनी के वार्ड क्रमांक-12 स्थित एक घर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी। घर के भीतर व्यापारी राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा मीणा और बेटे अश्विन मीणा के खून से लथपथ शव पड़े मिले थे।
बकरा-बकरियों के चिल्लाने से खुली पोल
मृतक परिवार ने घर में 7-8 बकरा-बकरियां पाल रखे थे। बुधवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा न खुलने और भूख-प्यास से परेशान मवेशियों के जोर-जोर से चिल्लाने पर पड़ोसियों को शक हुआ। जब पड़ोसियों ने अंदर झांककर देखाए तो तीनों के शव कमरे में पड़े थे।
भारी व धारदार हथियार से की गई थी हत्या
हमलावरों ने बेहद क्रूरता के साथ तीनों के सिर पर भारी और धारदार हथियार से वार कर उन्हें मौत के घाट उतारा था। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार को आखिरी बार सोमवार दोपहर देखा गया था।
जांच में मिले थे अहम सुराग
वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस बल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान पुलिस को घर की अलमारी या कीमती सामान से किसी भी तरह की छेड़छाड़ के निशान नहीं मिले थे, जिससे लूटपाट की आशंका पहले ही खारिज हो गई थी। वहीं मृतक का मोबाइल फोन बाथरूम में पड़ा मिला था। दस्तावेजों और एसआईआर रिपोर्ट की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि मृतक परिवार मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर का रहने वाला था। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और जीरापुर कनेक्शन के आधार पर जांच तेज की, जिसके बाद अब इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश होने जा रहा है।


