ट्रिपल मर्डर केस, पुलिस ने बदला पीसी का ठिकाना, अब बुधनी में होगा खुलासा

सीहोर। बुधनी नगर के वार्ड क्रमांक-12 में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के बाद पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के स्थान में बदलाव किया है। पहले इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा जिला मुख्यालय सीहोर स्थित एसपी कार्यालय में होना तय था, लेकिन अब पुलिस ने पीसी का ठिकाना बदलते हुए बुधनी थाना परिसर में ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का फैसला लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी यहीं मीडिया के सामने राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन की नृशंस हत्या के आरोपियों और वारदात के पीछे के कारणों का आधिकारिक खुलासा करेंगे।
गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात बुधनी में हुई थी, लेकिन मामले का खुलासा जिला मुख्यालय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शाम 4 बजे किया जा रहा था। लेकिन अब स्थान और समय में बदलाव करते हुए शाम 4.15 बजे बुधनी थाना परिसर में खुलासा होगा।
घर में मिले थे पति-पत्नी और बुटे के शव
बुधवार सुबह बुधनी के वार्ड क्रमांक-12 स्थित एक घर में उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब व्यापारी राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा मीणा और बेटे अश्विन मीणा के खून से लथपथ शव कमरे के भीतर पड़े मिले। दरअसल मृतक परिवार ने घर में 7-8 बकरा-बकरियां पाल रखे थे। बुधवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा न खुलने और भूख-प्यास से व्याकुल मवेशियों के जोर-जोर से चिल्लाने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने अंदर झांककर देखा तो पूरे परिवार की लाशें देख उनके होश उड़ गए।
वजनदार हथियार से की थी हत्या
हमलावरों ने बेरहमी के साथ तीनों के सिर पर भारी और धारदार हथियार से वार कर उन्हें मौत के घाट उतारा था। वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस बल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे।
बाथरूम में मिला था मोबाइल
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को घर की अलमारी या किसी भी कीमती सामान से छेड़छाड़ के निशान नहीं मिले थे, जिससे लूटपाट की आशंका पहले ही खारिज हो गई थी। हालांकिए मृतक का मोबाइल फोन बाथरूम में पड़ा मिला था। दस्तावेजों और एसआईआर रिपोर्ट की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि मृतक परिवार मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर का रहने वाला था। इसके बाद पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और जीरापुर कनेक्शन के आधार पर जांच की दिशा आगे बढ़ाई, जिसके नतीजे में अब सीहोर पुलिस इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करने जा रही है।