सीहोर। बुधनी नगर के वार्ड क्रमांक 12 में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई। इस जघन्य ट्रिपल मर्डर का खुलासा घर में पाले गए बकरा-बकरियों के लगातार चिल्लाने और घर से बाहर निकल आने के बाद हुआ। जब पड़ोसियों ने संदेह होने पर भीतर झांककर देखा तो अंदर राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन मीणा के खून से लथपथ शव पड़े थे। तीनों के सिर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक परिवार ने घर में 7 से 8 बकरा-बकरी पाल रखे थे। बुधवार सुबह काफी देर तक घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, जबकि भूख-प्यास से परेशान बकरा-बकरी लगातार चिल्ला रहे थे। कुछ देर बाद बकरा-बकरी घर से बाहर भी निकल आए, लेकिन उन्हें संभालने के लिए परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं आया। यह देख पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। जब उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा तो वहां का मंजर देख उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर पति, पत्नी और बेटे के शव खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे।
सोते समय वारदात को अंजाम देने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार रात घर में सोते समय अज्ञात हमलावरों ने तीनों के सिर पर हमला कर इस ट्रिपल मर्डर को अंजाम दिया है। आसपास के लोगों ने बताया कि राकेश मीणा की स्थानीय सब्जी बाजार में जूते-चप्पल की दुकान थी। बीते नवरात्रि के समय बुधनी ब्रिज पर हुए एक ऑटो एक्सीडेंट में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया था, जिसके कारण वे इन दिनों दुकान न जाकर घर पर ही आराम कर रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक परिवार को आखिरी बार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे देखा गया था।
मौके पर जुटी भारी भीड़, पुलिस जांच में जुटी
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही वार्ड नंबर 12 स्थित घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे नगर में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। घटनास्थल से बारीक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार तीनों मृतकों के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पुरानी रंजिश, लूटपाट सहित हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


