#सीहोर। आसमान छूती महंगाई और शक्कर के बढ़े दामों को लेकर जिले में राजनीति अपने चरम पर पहुँच गई है। सडक़ों से शुरू हुई यह शक्कर की जंग अब सोशल मीडिया के गलियारों में दिलचस्प मोड़ ले चुकी है। गुरुवार को ही कोतवाली चौराहे पर कांग्रेस ने गन्ने के पेट्रोल से चाय बनाकर और चम्मच से शक्कर बांटकर अनोखा विरोध दर्ज कराया था। इसी दिन बीजेपी नेता व नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के एक फेसबुक पोस्ट ने शहर का सियासी पारा और चढ़ा दिया।
महंगाई के आरोपों का जवाब देने के इरादे से बीजेपी नेता और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से डी.मार्ट का एक बिल पोस्ट किया। इस बिल की फोटो शेयर करते हुए उन्होंने दर्शाने की कोशिश की कि बाजार में शक्कर का भाव 58 रुपये प्रति किलो है। पालिका अध्यक्ष की यह पोस्ट आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं और कमेंट्स का बाढ़ सा आ गया। लोग पक्ष और विपक्ष में अपनी-अपनी राय रखने लगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष का फिल्मी तंज
पोस्ट पर आ रहे तमाम कमेंट्स के बीच सबसे ज्यादा ध्यान खींचा जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती की टिप्पणी ने। राजीव गुजराती ने प्रिंस राठौर की पोस्ट पर चुटकी लेते हुए मशहूर फिल्मी डायलॉग की तर्ज पर कमेंट लिखा… एक चुटकी भर चीनी की कीमत तुम क्या जानो प्रिंस बाबू…
कांग्रेस जिलाध्यक्ष का यह तंज देखते ही देखते वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर यूजर्स की तरफ से इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं।


