खजांची लाइन में जुआ खेल रहे 5 गिरफ्तार, राजेश से 1450 और तुषार से मिले 1350 रुपए

सीहोर। शहर के थाना कोतवाली अंतर्गत खजांची लाइन इलाके में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। बीती रात्रि सुपर चेक गश्त के दौरान पुलिस ने दबिश देकर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे 5 जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा। इस कार्रवाई में आरोपी राजेश और तुषार के पास से मिली नकदी और फड़ की रकम चर्चा का विषय रही, जहां राजेश के पास से कुल 1450 रुपए और तुषार के पास से कुल 1350 रुपए बरामद किए गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अक्टूबर की रात्रि को पुलिस अमला गश्त पर था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि खजांची लाइन के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत थाना प्रभारी को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर पुलिस टीम गठित हुई, टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
फड़ और जेब से यूं बरामद हुई नकदी
पुलिस की अचानक घेराबंदी देखकर जुआरियों में हडक़ंप मच गया। पकड़े गए आरोपियों की जब जामा तलाशी ली गई तो उनके पास से बरामदगी हुई…
राजेश परमार उम्र 48 वर्ष निवासी खजांची लाइन के फड़ से 850 रुपए और जेब से 600 रुपए कुल 1450 रुपए बरामद किए गए।
तुषार सोनी उम्र 25 वर्ष निवासी सरार्फा बाजार के फड़ से 600 रुपए और जेब से 750 रुपए कुल 1350 रुपए मिले।
शिवम राठौर निवासी छावनी के फड़ से 950 रुपए और जेब से 350 रुपए जब्त हुए।
जयंत राजपूत निवासी गांधी रोड मेन बाजार के फड़ से 750 रुपए और जेब से 500 रुपए मिले।
गोविंद उर्फ गोलू निवासी खजांची लाइन के फड़ से 450 रुपए और जेब से 250 रुपए बरामद किए गए।
मौके से कुल 3600 रुपए फड़ से और 2450 रुपए जेब से, यानी कुल 6050 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए।