सीहोर। जिले में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार रात न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह दिन और रात के तापमान में करीब 18 डिग्री सेल्सियस का बड़ा अंतर देखने को मिला है। तेज धूप के बाद रात होते ही ठंड बढऩे से सुबह और रात के समय लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में तेज धूप निकलने से तापमान अधिक रहता है, लेकिन सूर्यास्त के बाद जमीन तेजी से ठंडी होने लगती है। इसके अलावा उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवाओं का असर भी सीहोर के मौसम पर पड़ सकता है। ताजा मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक जिले में मौसम शुष्क बना रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच और रात का न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अंगीठी जलाकर न सोएं, ठंड से करें बचाव
बढ़ती सर्दी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार सुबह और देर रात बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और शरीर को अच्छी तरह ढककर रखें। खासकर सिर, कान, हाथ और पैर को ठंडी हवा से बचाना जरूरी है। बुजुर्गों और हृदय रोगियों को सुबह बहुत जल्दी बाहर टहलने जाने से बचना चाहिए। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर ही बाहर भेजें और नियमित रूप से गुनगुना पानी व तरल पदार्थ लेते रहें। अस्थमा और सांस के मरीजों को ठंडी हवा के सीधे संपर्क से बचना चाहिए। सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। सबसे अहम चेतावनी के तहत बंद कमरे में अंगीठी या कोयला जलाकर न सोने की अपील की गई हैए क्योंकि इससे दम घुटने और कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता का गंभीर खतरा रहता है।
रबी फसलों पर असर की आशंका, किसान रहें तैयार
रात के तापमान में गिरावट का असर रबी फसलों पर भी पड़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए किसानों को बदलते मौसम के अनुसार सिंचाई और फसल प्रबंधन की योजना बनानी चाहिए। यदि पाला पडऩे जैसी स्थिति बनती है तो कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार समय रहते बचाव के उपाय अपनाना फसल को नुकसान से बचा सकता है।


