सीहोर। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का डायरेक्ट मार्केटिंग कार्यक्रम 23 नवंबर को होटल मेरियट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में सीहोर के बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित पटेल पेट्रोल पंप (पटेल ऑटो सर्विस) को उत्कृष्ट सेवाओं, ईमानदार कार्यप्रणाली और ग्राहकों के प्रति समर्पण के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुमित्रा श्रीवास्तव की अगवानी में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन की ओर से सीनियर डीलर तथा पटेल ऑटो सर्विस के संचालक शैलेश पटेल ने डायरेक्ट मार्केटिंग का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों और डीलर साथियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि शहर के व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित पटेल पेट्रोल पंप लंबे समय से आम नागरिकों और वाहन चालकों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। ग्राहकों के प्रति शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और निरंतर बेहतर सुविधाएं देने की अपनी प्रतिबद्धता के चलते ही शैलेश पटेल को यह महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ है। डायरेक्ट मार्केटिंग द्वारा प्रदान किया गया यह लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड उनके वर्षों के अनुभव और समर्पित कार्यशैली का प्रमाण माना जा रहा है।
शैलेश पटेल और पटेल ऑटो सर्विस को मिली इस बड़ी कामयाबी से सीहोर सहित आसपास के क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर मित्रों, परिचितों, व्यापारिक सहयोगियों, पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्यों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


