सीहोर। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के जिला प्रभारी जगदीश कुशवाह के रिश्तेदारों पर खेत के रास्ते के विवाद में तलवार और धारदार दरातों से हमला करने वाले आरोपियों को थाना मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज होने के महज 2 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को दबोचा, हमले में इस्तेमाल हथियार जब्त किए और उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ी मुंगावली में खेत के रास्ते को लेकर पुराने विवाद के चलते हमलावरों ने एक ही परिवार के सदस्यों पर तलवार, दराते, फरसे और डंडों से हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि घायल हुए लोगों में हिंदुत्व नेता व विहिप-बजरंग दल के जिला प्रभारी जगदीश कुशवाह के रिश्तेदार, जिनमें उनके जीजा और भांजे भी शामिल हैं। फरियादी रघुवीर सिंह की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुरेश कुशवाह माली और उसके दो बेटों धर्मेन्द्र कुशवाह व सतीश कुशवाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घायलों का इलाज अस्पताल में जारी
घटना में रामचंद्र कुशवाहा, रघुवीर कुशवाहा, युवराज कुशवाहा और गोलू कुशवाहा समेत कुल लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल रामचंद्र कुशवाहा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
2 घंटे में गिरफ्तारी और हथियार जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे तथा नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मंडी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध होने के महज 2 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार और दराते विधिवत जब्त की गईं। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश कुशवाह, धर्मेन्द्र कुशवाह, सतीश कुशवाह निवासी ग्राम मुंगावली शामिल हैं।


