सीहोर। प्रेम, अपनापन और वफादारी किसी भाषा या स्वार्थ की मोहताज नहीं होती, शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र में शुक्रवार को सामने आए एक दृश्य ने इस बात को जीवंत कर दिया। जिस स्ट्रीट डॉग कालू को 75 वर्षीय बुजुर्ग रोज अपने हाथों से रोटी खिलाते और नाम पुकारकर स्नेह देते थे, उनके निधन पर वही बेजुबान उनकी अंतिम विदाई का हिस्सा बन गया। कालू पूरी शव यात्रा के साथ श्मशान घाट पहुंचा, दाह संस्कार तक वहीं मौजूद रहा और श्रद्धांजलि सभा के दो मिनट के मौन में भी बेहद शांत भाव से लोगों के सामने बैठा रहा।
बता दें गल्ला मंडी के मेन रोड स्थित राधेश्याम मंदिर चौराहे के आसपास रहने वाला कालू इलाके में सभी का परिचित है और मोहल्लेवासी उसे रोज कुछ न कुछ खाने को देते हैं। लेकिन भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व कर्मचारी रहे करीब 75 वर्षीय मोहनलाल राकवार के साथ उसका जुड़ाव बेहद खास था। उनका रोज का नियम था कि वे कालू को रोटी और अन्य खाद्य सामग्री खिलाते, उसका नाम लेकर पुकारते और उससे कुछ देर बातें भी करते। धीरे-धीरे यह रोजमर्रा की आदत एक ऐसे गहरे और निस्वार्थ रिश्ते में बदल गई, जिसमें न कोई भाषा थी और न कोई अपेक्षा।
शव यात्रा में साथ चला, मौन में भी बैठा रहा शांत
शुक्रवार को मोहनलाल राकवार के निधन के बाद सुबह करीब 11 बजे मंडी क्षेत्र से उनकी अंतिम यात्रा विश्राम घाट के लिए निकली। यात्रा में परिवार के सदस्य, बैंक में उनके साथ काम कर चुके सहकर्मी, रायकवार समाज के लोग और मोहल्ले के रहवासी शामिल थे। इसी दौरान कालू भी किसी के बुलाए बिना खुद ही शव यात्रा के पीछे-पीछे चल पड़ा और श्मशान घाट तक पहुंच गया।
अंतिम संस्कार के बाद जब दिवंगत को श्रद्धांजलि देने के लिए सभा हुई और संचालक ने दो मिनट का मौन रखने की बात कही तो कालू आगे आकर सभा के सामने बैठ गया। वह पूरे दो मिनट तक बेहद शांत और अनुशासित तरीके से वहीं बैठा रहा। जैसे ही मौन पूरा हुआ और संचालक ने ओम शांति कहा, कालू भी उठकर खड़ा हो गया।
दिवंगत के घर तक गया और फिर लौटा
दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परंपरा के अनुसार अंतिम यात्रा में शामिल लोग कुछ समय के लिए दिवंगत के घर पहुंचे। कालू भी सभी लोगों के साथ मोहनलाल रायकवार के घर तक गया, वहां कुछ देर रुका और फिर बिना किसी हलचल के अपने रास्ते लौट गया। अंतिम यात्रा में शामिल व्यवसायी जयंत शाह और एडवोकेट राकेश सक्सेना ने बताया कि कालू पूरी शव यात्रा में साथ रहा और दाह संस्कार पूरा होने तक श्मशान घाट पर मौजूद रहा। वहीं पूर्व पार्षद रामप्रकाश चौधरी ने बताया कि रायकवार साहब के निधन के बाद कालू नामक श्वान अंतिम यात्रा में शामिल हुआ, पूरे समय साथ रहा, श्रद्धांजलि सभा में बैठा और अंत में सभी के साथ वापस भी लौटा।


