सीहोर। शहर के वरिष्ठ पत्रकार सुशांत समाधिया बिल्लू का गुरुवार शाम आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकार जगत सहित शहर में शोक की लहर फैल गई। वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय विद्यासागर समाधिया के छोटे पुत्र तथा वरिष्ठ पत्रकार राकेश समाधिया और वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप समाधिया के छोटे भाई थे।
बताया गया है कि सुशांत समाधिया विगत कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। गुरुवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके आकस्मिक निधन से परिवार, शुभचिंतकों और पत्रकार साथियों में गहरा दुख व्याप्त है। उनकी अंतिम यात्रा आज शुक्रवार सुबह 10 बजे उनके निवास गंज स्थित राज विहार कॉलोनी स्टार पब्लिक स्कूल के पीछे से निकलेगी, जो छावनी विश्राम घाट पहुंचेगी। यहां विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।


