नि:शुल्क रजिस्ट्री में पिछड़ा राजस्व मंत्री का गृह जिला सीहोर, प्रदेश में 18वें नंबर पर

सीहोर। ग्रामीण परिवारों को उनकी पुश्तैनी और आबादी भूमि की संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिलाने के लिए प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना जोरों पर है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के अपने ही गृह जिले सीहोर में इस काम की रफ्तार सुस्त पड़ी है। राजस्व विभाग की कमान संभालने वाले मंत्री के जिले में जहां 1 लाख 32 हजार नि:शुल्क रजिस्ट्रियां होनी हैं, वहां अब तक करीब आधी यानी महज 67 हजार 430 रजिस्ट्रियां ही पूरी हो पाई हैं। इस धीमी प्रगति के चलते सीहोर प्रदेश के 55 जिलों की सूची में 18वें पायदान पर खड़ा है।
इछावर से विधायक हैं राजस्व मंत्री, फिर भी सुस्ती
गौरतलब है कि राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा सीहोर जिले की ही इछावर विधानसभा सीट से विधायक हैं। विभाग का मुखिया होने के नाते उम्मीद की जा रही थी कि सीहोर जिला इस योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में अव्वल रहेगा, लेकिन आंकड़े इसके उलट कहानी बयां कर रहे हैं। लक्ष्य के मुकाबले काम की गति धीमी होने से हजारों ग्रामीण परिवारों को अभी भी अपने मालिकाना हक के दस्तावेज मिलने का इंतजार है।
मंदसौर और उज्जैन ने मारी बाजी
एक तरफ जहां सीहोर टॉप.15 से भी बाहर है, वहीं मालवा और महाकौशल के कई जिलों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक लाख से अधिक रजिस्ट्रियों का आंकड़ा पार कर लिया है। प्रदेश स्तर पर अब तक कुल 27 लाख 26 हजार 186 रजिस्ट्रियां पूर्ण की जा चुकी हैं।
प्रदेश के टॉप-5 जिले की स्थिति
पहला स्थान मंदसौर: 1,10,442 रजिस्ट्रियां
दूसरा स्थान उज्जैन: 1,10,128 रजिस्ट्रियां
तीसरा स्थान सिवनी: 1,00,180 रजिस्ट्रियां
चौथा स्थान छिंदवाड़ा: 99,984 रजिस्ट्रियां
पांचवां स्थान राजगढ़: 99,075 रजिस्ट्रियां
18वां स्थान सीहोर: 67,430 रजिस्ट्रियां, लक्ष्य: करीब 1,32,000

अन्य प्रमुख जिलों का हाल
रजिस्ट्री के मामले में सीहोर से आगे छतरपुर, सागर, बालाघाट, जबलपुर, खंडवा, खरगोन, शिवपुरी, धार, विदिशा, नरसिंहपुर, रायसेन और देवास जैसे जिले हैं।