हवालात से हथकड़ी खिसकाकर भागा रिमांड का आरोपी, बायपास पर घेराबंदी कर पकड़ाया

सीहोर। कोतवाली थाना क्षेत्र में उस समय हडक़ंप मच गया, जब न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया गया एक आरोपी हथकड़ी खिसकाकर थाने से फरार हो गया। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए कुछ ही देर में घेराबंदी कर आरोपी को सीहोर बायपास के पास से दबोच लिया। थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि आरोपी चकमा देकर भाग गया था, जिसे त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके विरुद्ध हवालात से भागने के आरोप में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली सीहोर में दर्ज अपराध क्रमांक 541/26, धारा 318(4) बीएनएस के मामले में आरोपी फरीद खां पिता बब्लू खां उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम नीलबड़ थाना परवलिया जिला भोपाल को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया गया था और वह थाने की हवालात में बंद था।
हाथ-मुंह धुलाने निकाला बाहर, हुआ फरार
मंगलवार सुबह करीब 7.00 बजे ड्यूटी पर पुलिस जवान ने आरोपी फरीद खां को हाथ-मुंह धुलाने और चाय-नाश्ता कराने के लिए हथकड़ी लगाकर हवालात से बाहर निकाला था। उन्होंने आरोपी को हवालात के पास हथकड़ी बांधकर बैठाया था। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी फरीद खां अपने हाथ से हथकड़ी खिसकाकर पुलिस को चकमा देते हुए थाने से भाग निकला।
तुरंत अलर्ट हुआ कोतवाली अमला
आरोपी के भागते ही मौजूद जवान ने तुरंत कोतवाली थाना स्टॉफ के अन्य अधिकारी-जवानों को आरोपी के भागने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और आरोपी का पीछा करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। थाने के स्टाफ के सहयोग से की गई सघन तलाश के दौरान आरोपी फरीद खां जहांगीरपुरा जोड़ के पास सीहोर बायपास क्षेत्र में मिल गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और सुरक्षित थाने लेकर आई।
मामला दर्ज किया गया है
थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि आरोपी फरीद खां पुलिस की वैध अभिरक्षा से चकमा देकर भागा था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है और हवालात से भागने के आरोप में उसके विरुद्ध नया मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।