सीएम-पूर्व सीएम आज करेंगे सीप-अंबर परियोजना का लोकार्पण

सीहोर। बुदनी विधानसभा क्षेत्र स्थित भैरूंदा विकासखंड के किसानों को शुक्रवार 27 नवंबर को सिंचाई और विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान भैरूंदा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीप-अंबर सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना फेज-1 एवं फेज-2 का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेता भैरूंदा विकासखंड के 41.44 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे।
इस महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना के शुरू होने से भैरूंदा विकासखंड के कुल 76 गांवों की 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया गया है…
सीप-अंबर फेज.1: 346.12 करोड़ रुपये की लागत से बने पहले चरण में 16.57 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। इससे 47 गांवों की 15 हजार 284 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसका निर्माण रीवा की मेसर्स विजय कुमार मिश्रा कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. द्वारा किया गया है।
सीप-अंबर फेज.2: 190.11 करोड़ रुपये की लागत वाले दूसरे चरण में 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे 29 गांवों की 14 हजार 807 हेक्टेयर भूमि को पानी मिलेगा। इसका निर्माण अहमदाबाद की एलसीसी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने किया है।
दोनों चरणों का कार्य निर्धारित 36 माह की समय-सीमा में पूरा कर लिया गया है। अनुबंध के तहत संबंधित निर्माण एजेंसियां आगामी पांच वर्षों तक परियोजना का संचालन और रखरखाव भी करेंगी।
भूमिगत पाइपलाइन की आधुनिक तकनीक
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक खुली नहरों के बजाय आधुनिक भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर पंप हाउस और पाइपलाइन के माध्यम से सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी के रिसाव और वाष्पीकरण से होने वाली बर्बादी रुकेगी। किसान इस व्यवस्था से स्प्रिंकलर और ड्रिप सिस्टम का उपयोग कर कम पानी में अधिक फसल ले सकेंगेए जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री का आज का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 नवंबर को सुबह 11.15 बजे भोपाल से भैरूंदा के लिए रवाना होंगे। वे सुबह 11.45 बजे भैरूंदा पहुंचकर सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 1.30 बजे भैरूंदा से देवास के लिए प्रस्थान करेंगे।