सीहोर। मंडी थाना क्षेत्र में एसपी बंगले और मस्जिद के समीप बुधवार शाम हुई युवक लईक कुरैशी की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस फुटेज ने पूरी वारदात की भयावहता को उजागर कर दिया है, जिसमें 4 से 5 युवक लईक को घेरकर झूमाझटकी करते और बेरहमी से हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि विवाद के दौरान दो युवकों ने लईक के हाथ पकड़ रखे थे, जबकि दो युवक हाथ.मुक्कों से उसकी पिटाई कर रहे थे। इसी बीच एक युवक ने लईक की पीठ में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही लईक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागा और फिर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक पड़ोस में गेट निकालने को लेकर कहासुनी हो रही थी, जिसमें बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसे घेर लिया। लईक के बेटे ने भैया, अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम पर हत्या का आरोप लगाया है। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव को कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया गया। सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


