सीहोर। मंडी थाना क्षेत्र के गल्ला मंडी इलाके में हुई हत्या की वारदात में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों को राउंडअप कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। शेष एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है और उसे पकडऩे के हरसंभव प्रयास जारी हैं। इस संबंध में सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मामले में जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि दिनांक 25 नवंबर की शाम करीब 5.00 बजे रेस्ट हाउस रोड गल्ला मंडी में लईक कुरैशी पिता लतीफ कुरैशी निवासी माता मंदिर चौराहा गल्ला मंडी के साथ उसके घर के सामने मस्जिद के पास मारपीट की गई थी और छुरे से पेट में वार किया गया था। गंभीर रूप से घायल लईक कुरैशी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इस घटना को लेकर थाना मंडी में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।
एक आरोपी पहले से ही गिरफ्तार
सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि प्रकरण में एक आरोपी अजीज उर्फ बड्डू पिता बशीर कुरैशी उम्र 59 वर्ष निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास को 27 नवंबर को गिरफ्तार कर जिला जेल निरूद्ध किया गया है। जबकि अब सलीम पिता बशीर कुरैशी निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास, नौशाद पिता सलीम, हासिम उर्फ भैय्या पिता सलीम को राउण्ड अप कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण के आरोपी अयान पिता अजीज उर्फ बड्डू निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर गिरफ्तारी हेतु हरसंभव प्रयास जारी है।


