सीहोर। मण्डी थाना अंतर्गत एसपी निवास के नजदीक दिनदहाड़े हुए लईक कुरैशी हत्याकांड को लेकर शहर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हत्या के 48 घंटे बाद भी चार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज मृतक के परिजन और स्थानीय लोग शुक्रवार को धरने पर बैठ गए। परिजनों ने सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई है। वहीं नागरिकों ने भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओरए पुलिस का दावा है कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार चार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मंडी थाना क्षेत्र में मस्जिद और माता मंदिर के पास हुए इस हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को मृतक लईक कुरैशी के परिजन अपने ही घर के सामने धरने पर बैठ गए। मृतक के पिता लतीफ ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत में कहा कि वे अपने घर के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, किसी सडक़ पर नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके प्रदर्शन से किसी को तकलीफ नहीं है और आवागमन आसानी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के 48 घंटे बीतने के बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे वे दुखी और नाराज हैं। धरने में परिवार के सदस्यों के साथ अन्य लोग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उन्हें न्याय मिलने का भरोसा नहीं होगा। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।
बुलडोजर कार्रवाई की मांग ने पकड़ा जोर
हत्याकांड को लेकर नागरिकों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दिनदहाड़े एसपी निवास के नजदीक हुई हत्या ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में आरोपियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे अपराधियों में कानून का खौफ पैदा हो।
पांच नामजद आरोपियों में एक गिरफ्तार, चार फरार
गौरतलब है कि बुधवार को मंडी थाना क्षेत्र में एसपी निवास मार्ग के नजदीक मस्जिद और माता मंदिर के पास 45 वर्षीय लईक कुरैशी पर हमला किया गया था। परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने उसे घेरकर मारपीट की और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर हालत में लईक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने सलीम, अजीज, नौशाद, हाशिम और अयान पर हत्या में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से अजीज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सलीम, नौशाद, हाशिम और अयान अब भी फरार हैं। वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैंए लेकिन शेष आरोपियों का पता नहीं चल सका है।
मकान निर्माण और रास्ते के पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच मकान निर्माण और रास्ते में गेट निकालने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बुधवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस इस विवाद और हमले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
पहले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल कार्रवाई में जुट गई थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष एसपी बंगले के पास ही रहते हैं और पुराने आपसी विवाद के चलते वारदात हुई। आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आगे की प्रक्रिया है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना है।


