#Sehore: राजीव ने वरिष्ठ नेता को शक्कर देने से किया इंकार…

@सीहोर। आसमान छूती महंगाई और रसोई के बिगड़े बजट के खिलाफ सीहोर की सडक़ों पर कांग्रेस का एक बेहद अनूठा, तीखा और व्यंग्यात्मक अंदाज देखने को मिला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने बीच सडक़ पर चूल्हा जलाकर चाय पकाई और राहगीरों को चम्मच से शक्कर बांटकर विरोध दर्ज कराया। लेकिन इस पूरे प्रदर्शन के दौरान सबसे मजेदार और चर्चा का विषय बना वह वाकया, जब कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को शक्कर देने से साफ इनकार कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती आम जनता को चम्मच से शक्कर बांट रहे थे, तभी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजाराम बड़े भाई ने भी मुस्कुराते हुए शक्कर लेने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया।
तभी जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने शक्कर देने से मना कर दिया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा बड़े भाई, आपको शक्कर नहीं दे सकते, बीजेपी की मोहन यादव सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि 50 साल से ऊपर वालों को शक्कर नहीं खानी चाहिए। यह सुनते ही वहां मौजूद कार्यकर्ता और आम लोग ठहाके मारकर हंस पड़े। इस राजनीतिक तंज ने प्रदर्शन में बकायदा तडक़े का काम किया।
जनता की कमाई सीमित, खर्च बेहिसाब
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि आज देश का हर नागरिक महंगाई से त्रस्त है। खाद्य पदार्थों से लेकर रोजाना के सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं, लेकिन सरकार राहत देने में नाकाम साबित हो रही है। आम जनता की कमाई सीमित है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।