लुभावने ऑफरों के झांसे में न आएं, खाटू श्याम जैसे प्रोजेक्ट्स के ऑफर्स से पहले देखे दस्तावेज

सीहोर। त्योहारी सीजन शुरू होते ही शहर में फेस्टिव ऑफर्स और विज्ञापनों की शुरुआत हो गई है। दशहरा और दीपावली के इस उल्लास के बीच रियल एस्टेट और प्रॉपर्टी डेवलपर्स ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह की स्कीमें लेकर आ रहे हैं। कम कीमत में फार्महाउस, आसान किश्तें, स्कूटर और एलईडी टीवी जैसे उपहारों के लालच देकर ग्राहकों को निवेश के लिए आकर्षित किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर खाटू श्याम वाटिका जैसे प्रोजेक्ट्स के भी ऑफर्स सामने आए हैं, लेकिन प्रशासन और वित्तीय विशेषज्ञों की हमेशा यही सलाह रहती है कि ऐसे विज्ञापनों की चमक-धमक में आकर बिना सोचे-समझे निवेश करने से बचना चाहिए।

दिया भारी भरकम लुभावना ऑफर
खाटू श्याम प्रोजेक्ट 2-3 के तहत सोशल मीडिया पर जो पंपलेट जारी हुआ है, उसमें दिए गए लुभावने ऑफर के तहत शुरुआती बुकिंग पर इलेक्ट्रिक स्कूटर, एलईडी टीवी या अन्य घरेलू सामान मुफ्त देने का दावा किया गया है। कम एडवांस बुकिंग जैसे मात्र 25 प्रतिशत एडवांस और शेष राशि आसान किश्तों में चुकाने का विकल्प दिया गया।

लोकेशन पर बड़े-बड़े दावे
प्रोजेक्ट्स की लोकेशन को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए, प्रस्तावित सीहोर-श्यामपुर 4-लेन सडक़, बेहतर कनेक्टिविटी, जयपुर-कोटा कॉरिडोर से जुड़ाव और पर्यटन स्थलों के नजदीक होने की बात कही गई है।
निवेश से पहले क्यों जरूरी है सावधानी
हालांकि विज्ञापन बहुत लुभावने होते हैं, लेकिन जमीन या फार्महाउस खरीदने से पहले कुछ कड़वी सच्चाइयों और कानूनी पहलुओं की जांच करना बेहद जरूरी है।
कानूनी मंजूरी: कई बार ऐसे प्रोजेक्ट्स बिना सरकारी अनुमति, डायवर्जन या टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अप्रूवल के बिना ही बेचे जाने लगते हैं। बाद में खरीदारों को कानूनी उलझनों का सामना करना पड़ता है।
लोकेशन और कनेक्टिविटी के दावे: विज्ञापनों में जिस प्रस्तावित सडक़ या भविष्य की कनेक्टिविटी का जिक्र होता है, उसे जमीन पर उतरने में कई साल लग सकते हैं। ऐसे में तात्कालिक रूप से वहां आना-जाना मुश्किल हो सकता है।
बुनियादी सुविधाओं की अनिश्चितता: ब्रोशर में चौड़ी सडक़ें, स्ट्रीट लाइट और हरियाली के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन कई बार पजेशन मिलने के बाद वे वादे कागजों तक ही सीमित रह जाते हैं।
मनोवैज्ञानिक दबाव: सीमित ऑफर या पहली कुछ बुकिंग पर ही इनाम जैसी बातें ग्राहकों पर जल्दबाजी में बिना सोचे-समझे फैसला लेने का दबाव बनाती हैं।
दस्तावेजों की जांच करें
किसी भी प्रोजेक्ट में पैसा लगाने से पहले संबंधित जमीन के टाइटल, रजिस्ट्री, डायवर्जन और कॉलोनी के वैध होने के कागजात किसी अच्छे वकील से जरूर चेक करवाएं। सिर्फ विज्ञापनों या ब्रोशर पर भरोसा न करें। खुद मौके पर जाकर देखें कि वहां सडक़, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं वास्तव में उपलब्ध हैं या नहीं।
ऑफर के चक्कर में बड़ा जोखिम न लें
स्कूटर या टीवी जैसे छोटे-मोटे उपहारों के लालच में आकर अपनी गाढ़ी कमाई किसी असुरक्षित या विवादित प्रोजेक्ट में न फंसाएं। त्योहार खुशियों का पर्व है, इसलिए निवेश का फैसला भावनाओं में बहकर नहीं, बल्कि पूरी सावधानी और कानूनी परख के साथ ही लें।