#Sehore, सीहोर। शहर में बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज और कानफाड़ू आवाज निकालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 बुलेट चालकों पर कुल 30 हजार रुपये का चालानी जुर्माना लगाया है और उनके वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर भी हटवाए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से शहर में युवाओं द्वारा बुलेट गाडय़िों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाकर तेज आवाज और पटाखे फोडऩे जैसी आवाजें निकालने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस तेज और कर्कश आवाज से आम जनता, बुजुर्गों और विशेषकर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाली 6 पटाखा बुलेट पर सख्त चालानी कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही चालकों को कड़ी हिदायत दी गई कि वे भविष्य में अपनी गाडिय़ों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।
डेढ़ महीने में 35 बुलेट चालकों पर कार्रवाई
कोतवाली पुलिस इस मामले में लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इससे पहले भी पुलिस ने ऐसी कई बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई करते हुए करीब 25 बुलेट जब्त की थीं और वाहन चालकों से 1 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला था। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक पिछले डेढ़ महीने के भीतर कोतवाली पुलिस ने अब तक कुल 35 पटाखा बुलेट चालकों पर कार्रवाई की है। इस दौरान इनसे कुल 1 लाख 75 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है और उनके मॉडिफाइड साइलेंसर भी जब्त किए गए हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर की शांति और यातायात व्यवस्था बिगाडऩे वाली ऐसी हरकतें बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस का यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें।


