#Sehore, सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर में आयोजित प्रेसीडेंट इन काउंसिल पीआईसी की बैठक में शहर के विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस बैठक में कुल 39 विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी 39 प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति बन गई। इससे शहर के विभिन्न वार्डों में सडक़, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण जैसे विकास कार्यों को गति मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
बैठक में जिन प्रमुख विकास कार्यों और उनके बजट को मंजूरी मिली है, उनमें…
वार्ड क्रमांक 2 देवनगर कॉलोनी: माताजी के मंदिर के पीछे झागरिया रोड पर नाली निर्माण किया जाएगा। इस कार्य की अनुमानित लागत 38 लाख रुपये तय की गई है।
वार्ड क्रमांक 6 जैन मंदिर वाली गली: इस क्षेत्र में नई सडक़ का निर्माण होगा, जिस पर 12.50 लाख रुपये की लागत आएगी।
वार्ड क्रमांक 8 गल्र्स छात्रावास के सामने: विद्यार्थियों और राहगीरों की सुविधा के लिए यहां सीसी सीमेंट-कंक्रीट रोड का निर्माण किया जाएगा। इसकी लागत 18 लाख 57 हजार रुपये है।
वार्ड क्रमांक 13 नवल मोहल्ला, गंज: क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के लिए एक बेहतरीन सुविधा देने के वास्ते 37 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 22 विभिन्न स्थान: यहां कई हिस्सों में सीसी रोड बनाए जाएंगे, जिसमें शीतला माता मंदिर से राधेश्याम विश्वकर्मा के घर तक, साहूजी के घर से दीपक के घर तक और मोहन राठौर के घर से अनिकेत सोनी के घर तक का मार्ग शामिल है। इन सभी सडक़ों के निर्माण पर कुल 17 लाख 80 हजार रुपये खर्च होंगे।
इन सभी प्रमुख कार्यों के अलावा अन्य जरूरी मुद्दों पर भी मुहर लगाई गई, जिससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में रुके या नए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
शहर विकास ही उद्देश्य
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने इस सर्वसम्मत फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य सीहोर शहर का सर्वांगीण विकास करना और हर वार्ड के नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना है। शहर की खूबसूरती और सुगमता में सडक़, नाली और सामुदायिक भवनों की बड़ी भूमिका होती है। सभी 39 विषयों पर एक राय बनना यह दिखाता है कि हम सब शहर के विकास के प्रति कितने सकारात्मक हैं। नगर पालिका का निरंतर प्रयास रहेगा कि शहर स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पूरी तरह सुविधायुक्त बने।


