#Sehore, सीहोर। थाना मण्डी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 3 लाख 10 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों ने पूछताछ में थाना मण्डी के अलावा जावर, पार्वती और अन्य जिलों में भी चोरियां करना स्वीकार किया है।
थाना मण्डी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत 23 सितंबर को फरियादी द्वारा थाना मण्डी में घर का ताला तोडक़र सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फरियादी के अनुसार जब वह 28 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले और घर में रखे कीमती जेवरात गायब थे। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
पुलिस टीम ने करीब 10 से 15 दिनों तक संदिग्धों की गतिविधियों पर गोपनीय निगरानी रखी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुरागकशी करते हुए पुलिस टीम देवास पहुंची। देवास ब्रिज के स्टॉपेज के पास पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन संदिग्धों को घेरकर अभिरक्षा में लिया गया। कढ़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने थाना मण्डी क्षेत्र सहित आष्टा, जावर, पार्वती और अन्य जिलों में भी चोरियों को अंजाम देना कबूल किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी भारत अहिरवार उम्र 24 वर्ष निवासी मकान नंबर 177, शंकर नगर, करोंद थाना निशातपुरा भोपाल। अभिषेक कुशवाह निवासी दुर्गा नगर करोंद भोपाल और चिराग पाठक निवासी रतन कॉलोनी करोंद थाना निशातपुरा भोपाल शामिल हैं।
आरोपियों से बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों से करीब 3.10 लाख रुपए कीमत की सोने की एक जोड़ी कान की झुमकियां, सोने की एक अंगूठी, सोने का एक हार, चांदी की एक जोड़ी पायजेब, चांदी का एक करोंदा और वारदात में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।


