Sehore: सरपंच के आने से पहले ही पूर्व सरपंच ने फहराया तिरंगा…

Sehore News: सीहोर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जहां पूरे देश में राष्ट्रध्वज को नमन कर जश्न मनाया जा रहा था, वहीं ग्राम पंचायत पिलूखेड़ी में ध्वजारोहण को लेकर एक अनोखा और विवादित मामला सामने आया है। गांव की वर्तमान सरपंच के पहुंचने से पहले ही पूर्व सरपंच और उपसरपंच ने तय समय से पूर्व पंचायत भवन पर आनन-फानन में तिरंगा फहरा दिया। इतना ही नहीं, इसके बाद दोनों ने आंगनवाड़ी भवन पहुंचकर वहां भी झंडा फहरा दिया।
इंतजार करती रह गईं महिला सरपंच
ग्राम पंचायत पिलूखेड़ी की निर्वाचित सरपंच बबली मोहन मीणा ने बताया कि 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंचायत कार्यालय में ध्वजारोहण की पूरी तैयारियां कर ली गई थीं। गांव के स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की प्रभातफेरी के बाद सभी लोग पंचायत भवन में सरपंच के हाथों ध्वजारोहण का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच पूर्व सरपंच द्वारका प्रसाद मीणा और उपसरपंच गजराज सिंह मेवाड़ा ने अनाधिकृत रूप से समय से पहले ही पहुंचकर पंचायत भवन का ध्वजारोहण कर दिया। इसके तुरंत बाद वे आंगनवाड़ी केंद्र भी पहुंचे और वहां भी झंडा फहरा दिया।
सचिव से अभद्रता और धक्का-मुक्की
सरपंच प्रतिनिधि और ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच के इस कृत्य से स्वतंत्रता दिवस के गरिमामयी माहौल को ठेस पहुंची है। जब ग्राम पंचायत सचिव ने इस अनधिकृत ध्वजारोहण का विरोध किया और पूछताछ की तो आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और धमकी दी गई।
थाने और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची शिकायत
घटना से नाराज सरपंच बबली मोहन मीणा ने अहमदपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही शिकायत की प्रतिलिपि जिला पंचायत और जनपद पंचायत सीहोर के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी भेजी गई है। सरपंच ने दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर ऐसी अव्यवस्था और अनादर न हो।