सीहोर। जिन्होंने जन्म दिया, कष्ट उठाकर पढ़ा-लिखाकर बड़ा किया, उन बुजुर्ग मां-बाप को घर से निकालने और सताने वाले बच्चों को यदि फंसी की सजा भी मिले तो वह कम है। यह बात गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर विधायक सुदेश राय ने कही।
सैकड़ा खेड़ी स्थित संकल्प वृद्ध आश्रम में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक सुदेश राय ने आश्रम के संचालक डॉ. राहुल सिंह से यहां रह रहे बुजुर्गों के सक्षम रिश्तेदारों की सूची मांगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की धन-संपत्ति हड़प कर उन्हें लावारिस छोडऩे वाले ऐसे सक्षम रिश्तेदारों के नाम सार्वजनिक रूप से उजागर होने चाहिए, ताकि समाज उनके चेहरे देख सके। विधायक के इस वक्तव्य का आश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने तालियां बजाकर जोरदार समर्थन किया।
शाल, श्रीफल और मिठाइयों से हुआ वयोवृद्धों का सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और भाजपा सीहोर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने भी विशेष रूप से सहभागिता की। अतिथियों द्वारा वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों का फूल मालाएं पहनाकर और शाल श्रीफल भेंटकर स्वागत-सम्मान किया गया। साथ ही आश्रम में फल और मिठाइयों का वितरण भी किया गया।
पीएम मोदी की तरह प्रजा भी मजबूत
कार्यक्रम के दौरान आश्रम में रह रहे एक बुजुर्ग ने अपनी उम्र 120 वर्ष होने का दावा किया। इस पर विधायक सुदेश राय ने चुटकी लेते हुए कहा कि जिस तरह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजबूत हैं, उसी तरह उनकी प्रजा और देश के बुजुर्ग भी मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बुजुर्गों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि हर व्यक्ति को एक दिन इस अवस्था से गुजरना है। ऐसे में जो बच्चे अपने माता-पिता का तिरस्कार करते हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस अवसर पर पार्षद लोकेंद्र वर्मा, नरेंद्र राजपूत, भाजपा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


