70 किमी दूर गूंजा कुसुम का अच्छा काम, प्रभारी मंत्री से मिला सम्मान

Sehore News: सीहोर। दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में समर्पण और मेहनत से किया गया काम कभी छिपा नहीं रहता। ऐसा ही मिसाल कायम की है जावर तहसील के गांव बमुलिया रायमल की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम विश्वकर्मा ने, जिनकी निष्ठा और लगन की गूंज 70 किलोमीटर दूर सीहोर जिला मुख्यालय तक सुनाई दी। विभागीय योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से लागू करने के लिए उन्हें जिला स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया है।
बता दें कि जावर से सीहोर जिला मुख्यालय की दूरी 70 किलोमीटर की है। इतनी दूरी के बावजूद गांव बमुलिया रायमल में कुसुम विश्वकर्मा द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को लेकर किए गए उत्कृष्ट कार्यों की पहचान जिला प्रशासन तक पहुंची। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित भव्य जिला स्तरीय समारोह के दौरान उन्हें इस सफलता का पुरस्कार मिला।
प्रभारी मंत्री और कलेक्टर ने सौंपा प्रशस्ति पत्र
समारोह के मुख्य मंच से मध्य प्रदेश शासन की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर एवं कलेक्टर बालागुरु के. ने संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम विश्वकर्मा को प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया। प्रभारी मंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कुसुम जैसी निष्ठावान कार्यकर्ताओं की बदौलत ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पा रही हैं।
विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों ने दी बधाई
कुसुम विश्वकर्मा को मिले इस जिला स्तरीय सम्मान पर महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बधाई दी है।