अज्ञात वाहन की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, चालक फरार

सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सडक़ हादसे में 21 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक तेजी से मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम रूपड़ी निवासी रामनारायण अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनारायण गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना इछावर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही दुर्घटनास्थल के आसपास और मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।