अमित शाह से मिलेंगे सीहोर के गौपालक…

सीहोर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के आगामी 3 अक्टूबर को प्रस्तावित भोपाल दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय विशाल गौपालक सम्मेलन में सीहोर जिले के गौपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे और केंद्रीय गृह मंत्री से संवाद का हिस्सा बनेंगे।
भेल दशहरा मैदान में होने वाले इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गोपालकों और दुग्ध संघों के सदस्यों का जुटना तय हुआ है। इसमें सीहोर जिले के साथ-साथ भोपाल, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम जिले के पशुपालक व किसान प्रमुख रूप से शिरकत करेंगे। सीहोर से दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य और गौपालक विशेष रूप से इस कार्यक्रम में भाग लेने भोपाल पहुंचेंगे।
गौपालकों को कामधेनु योजना का लाभ
सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल एवं इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश की गौशालाओं को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोपालक दीदियों का विशेष सम्मान किया जाएगा और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
मिलेगी 255 करोड़ की सौगात
इस सम्मेलन के मंच से मध्य प्रदेश के पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को समृद्ध बनाने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं का तोहफा दिया जाएगा। इसमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट और भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट का शिलान्यास-लोकार्पण शामिल है। साथ ही दुग्ध प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं की भी शुरुआत होगी। इसके अलावा अमित शाह भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन भी करेंगे।