अदालत रोड स्थित फैक्ट्री में लगी आग, दो घंटे देरी से पहुंची दमकल

#Sehore, सीहोर। इछावर नगर के अदालत रोड स्थित गोधन दलिया, मसाला उद्योग और विनायक नमकीन फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि फैक्ट्री परिसर में रखी महंगी मशीनें, भारी मात्रा में तैयार नमकीन, मिर्च-मसाले और पैकेजिंग सामग्री जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गई। इस अग्निकांड में कारोबारी हरी गुप्ता को लाखों रुपये का बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह जब राहगीर अदालत रोड से गुजर रहे थे तो उन्होंने फैक्ट्री के भीतर से घना धुआं और ऊंची-ऊंची लपटें उठती देखीं। शोर मचते ही आसपास के व्यापारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई और फैक्ट्री का ताला तोडक़र अपने स्तर पर ही पानी और बालू डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
2 घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत इछावर फायर ब्रिगेड को सूचित किया। नागरिकों का आरोप है कि सूचना देने के लगभग 2 घंटे बाद तक भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो आग को शुरुआती दौर में ही नियंत्रित किया जा सकता था और लाखों रुपये के माल को जलने से बचाया जा सकता था। दमकल की इस लेट-लतीफी को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। अंतत: नागरिकों ने काफी मशक्कत के बाद खुद ही आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान खाक हो चुका था।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
भीषण आग में फैक्ट्री के भीतर रखीं प्रसंस्करण मशीनें और तैयार स्टॉक पूरी तरह नष्ट हो गया है। फिलहाल कारोबारी को हुए नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।