- @सीहोर। शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। 14 सितंबर से सीहोर में लगभग 150 स्थानों पर गणेश पंडाल और आकर्षक झांकियां सजेंगी। गणेशोत्सव और आगामी दुर्गा उत्सव जैसे प्रमुख धार्मिक त्योहारों के दौरान पंडालों में बिजली की भव्य सजावट को लेकर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इस बार सख्त कदम उठाए हैं। बिजली कंपनी ने साफ निर्देश दिया है कि आयोजकों को ऑनलाइन आवेदन कर अस्थायी कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा।
- दूसरी ओर बिजली कंपनी के इस कड़े नियम और वैधानिक कार्रवाई की चेतावनियों के बीच अब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के रुख का इंतजार किया जा रहा है। चूंकि विहिप और बजरंग दल हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों और हिंदू त्योहारों के आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, ऐसे में बिजली कंपनी की इस सख्ती और नियमों के क्रियान्वयन पर इन संगठनों का क्या रुख रहता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
- ऑनलाइन मिलेगा अस्थायी कनेक्शन
- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग के अनुसार धार्मिक उत्सव समितियों के लिए व्यवस्था को सुगम बनाते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसमें आयोजकों को बिजली कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल पर जाकर सही विद्युत भार का ब्योरा देते हुए आवेदन करना होगा।
- ठेकेदार की टेस्ट रिपोर्ट अनिवार्य
- आवेदन के साथ लाइसेंसधारी विद्युत ठेकेदार की टेस्ट रिपोर्ट संलग्न करनी होगी। पंडाल की वायरिंग और सजावट का काम केवल अधिकृत ठेकेदार से ही कराने की हिदायत दी गई है।
- अग्रिम शुल्क और रसीद
- दर्शाए गए विद्युत भार के अनुसार सुरक्षा निधि और अनुमानित बिजली खपत का भुगतान अग्रिम जमा कर रसीद प्राप्त करना जरूरी होगा।
- घरेलू दर पर बिलिंग
- यह कनेक्शन पूरी तरह मीटरीकृत होगा और इसकी गणना लागू घरेलू दर के अनुसार की जाएगी।
- नियम तोड़ा तो ठेकेदार का लाइसेंस होगा निरस्त
- बिजली कंपनी ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति या स्वीकृत भार से अधिक बिजली का उपयोग करने पर ट्रांसफार्मर जलने और विद्युत हादसों का गंभीर खतरा बना रहता है। सप्लाई लाइन पर दबाव पडऩे से पूरे इलाके में अंधेरा छा सकता है।
- कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग पाए जाने पर इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 के तहत उपयोगकर्ता (समिति) पर तो कानूनी कार्रवाई होगी हीए साथ ही जिस विद्युत ठेकेदार से काम कराया गया है, उसका लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। अस्थायी कनेक्शन या जानकारी के लिए उत्सव समितियां टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकती हैं।


