धूमधाम से मनाया गया #भुजरिया पर्व, निकली भव्य शोभायात्रा

सीहोर। रक्षाबंधन के अगले दिन मनाया जाने वाला पारंपरिक लोकपर्व भुजरिया शहर के गंज क्षेत्र में हर्षोल्लास, उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यादव समाज और कुम्हार मोहल्ले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें लोक संस्कृति, पुरानी परंपराओं की झलक देखने को मिली।

गंज क्षेत्र में यादव समाज द्वारा परंपरा के अनुसार भुजरिया पर्व पर एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-मजीरों की थाप और लोकगीतों की गूंज के बीच पुरुष और महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। समारोह में डांडिया मंडल की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ भजनों की सरगम बिखरी। कलाकारों द्वारा लकड़ी पर किया गया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
यादव समाज के अध्यक्ष घनश्याम यादव ने बताया कि समाजजनों ने एकजुट होकर यह पर्व मनाया। यात्रा में पटेल छोटेलाल यादव, दीवान प्रद्युम्न यादव, ओंकार यादव, मुन्नालाल यादव, डॉ. नंदलाल यादव, पप्पू यादव, सुरेश यादव, लालाराम यादव और मदनलाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ व नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को भुजरिया देकर पर्व की बधाई दी।
कुम्हार मोहल्ले में भजनों की धुन पर झूमे श्रद्धालु
उधर गंज के कुम्हार मोहल्ले में भी भुजारिया पर्व की जमकर धूम रही। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने समाजजनों के साथ कदम से कदम मिलाकर पारंपरिक भजनों की धुनों पर नृत्य किया और हाथ में डंडा थामकर पारंपरिक डंडा खेल में हिस्सा लिया। समारोह को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कहा भुजारिया केवल एक त्यौहार नहीं, बल्कि हमारी लोक संस्कृति और आपसी प्रेम-एकता का प्रतीक है। ऐसे लोकपर्व हमारी सामाजिक जड़ों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान कुम्हार मोहल्ले के वरिष्ठों, युवाओं और बच्चों ने एक-दूसरे को भुजरिया भेंट कर बड़ों का आशीर्वाद लिया।