वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजी शहर की सडक़ें, राष्ट्रीय पर्व से दो दिन पूर्व निकली तिरंगा यात्रा

सीहोर। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व से ठीक दो दिन पहले जिला मुख्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शहर में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मौसम की रिमझिम फुहारों के बीच निकले इस आयोजन ने पूरे वातावरण को खुशनुमा और आनंदित बना दिया। यात्रा में शहर के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, करीब डेढ़ हजार स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता की जय व वंदे मातरम् के गूंजते जयघोष से शहर की सडक़ें सराबोर हो उठीं।
टाउन हॉल से शुरू हुई यात्रा, गुब्बारों से सजा आसमान
रैली का औपचारिक शुभारंभ शहर के टाउन हॉल से हुआ। यात्रा शुरू होने से ठीक पहले आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए, जिसने समारोह के उत्साह को दोगुना कर दिया। टाउन हॉल से शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख माग बस स्टैंड, आनंद डेयरी और कोतवाली चौराहे से होती हुई लीसा टॉकीज पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग के दौरान सडक़ के दोनों ओर खड़े शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का जोरदार स्वागत किया। बारिश की हल्की बूंदों के बीच तिरंगा हाथ में थामे चल रहे बच्चों और नागरिकों का जोश देखते ही बन रहा था।
हाथों में तिरंगा थामे चले जनप्रतिनिधि-अधिकारी
राष्ट्रीय पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस तिरंगा रैली में शहर के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के बड़े अधिकारी एक साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, कलेक्टर बालागुरू के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने प्रमुखता से सहभागिता की। इनके साथ ही जिला पंचायत सीईओ सर्जना सिंह, डीएफओ अर्चना पटेल, अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा सहित भारी संख्या में प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
तिरंगा हमारी एकता और स्वाभिमान का प्रतीक
लीसा टॉकीज पहुंचने पर यात्रा का समापन हुआ, जहां अतिथियों ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा केवल एक कपड़ा या प्रतीक नहीं है, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का सच्चा प्रतीक है। अतिथियों ने नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन है। उन्होंने सभी सीहोरवासियों से हर घर तिरंगा अभियान से जुडक़र स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।