Sehore News: सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर और दर्जनों गांवों में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। सैकड़ों परिवारों का राशन-सामान बह गया और किसानों की महीनों की मेहनत पानी में डूब गई। हालांकि इस भीषण प्राकृतिक आपदा के तीन दिन बीत जाने के बाद भी मोहन सरकार के दोनों जिम्मेदार मंत्रियों ने प्रभावित क्षेत्र से दूरी बना रखी है। जिले की पालक (प्रभारी) मंत्री कृष्णा गौर और प्रदेश के राजस्व मंत्री व इछावर विधायक करण सिंह वर्मा अब तक अंचल के पीड़तों का हाल जानने नहीं पहुंचे हैं। शासन के मंत्रियों की इस बेरुखी को लेकर क्षेत्रीय जनता और किसानों में में चर्चा का दौर जारी है।
इधर क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय मंगलवार को सीधे ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। इससे पहले सोमवार को बाहर होने पर उन्होंने अपने भांजे राजकुमार जायसवाल को मौके पर राहत कार्यों के लिए भेजा था। घरों में अनाज और सामान बह जाने से उपजे मानवीय संकट को देखते हुए विधायक सुदेश राय ने अपने व्यक्तिगत खर्च से सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल एक-एक महीने का पूरा राशन अनाज, तेल व रोजमर्रा की सामग्रीद्ध वितरित किया। मौके पर मौजूद तहसीलदार और पटवारी को विधायक ने निर्देश दिए कि चरनाल, छापरी, बनखेड़ा, गोपालपुरा और श्यामपुर में तुरंत सर्वे किया जाए। उन्होंने कहा कि एक भी पीडि़त किसान या ग्रामीण सर्वे सूची से छूटना नहीं चाहिए।
700 एकड़ सोयाबीन की फसल उखड़ी
मूसलाधार बारिश और नदी-नालों के उफान से छतरी व आसपास के अंचल में करीब 700 एकड़ रकबे में खड़ी सोयाबीन की फसल पूरी तरह उखडक़र बह गई है। किसान रामसिंह मेवाड़ा 37 एकड़, भारती रामसिंह 39 एकड़, तोमर सिंह 45 एकड़, फूलवती बाई 16 एकड़, हनुमत सिंह 12 एकड़ और सीताराम 12 एकड़ सहित 150 से अधिक किसानों की फसलें तबाह हो चुकी हैं। इस भीषण बारिश की वजह से श्यामपुर, दोराहा, गोपालपुरा, खस्ताखेड़ी, हथियाखेड़ा, हिनौती, झरखेड़ा, सतोरनिया, छापरी, घाटपलासी, सिराड़ी, अहमदपुर, बनखेड़ा, बरखेड़ाहसन, मंझेड़ा, चरनाल, पाढ़लिया, पान बिहार, मिट्टूखेड़ी और सुल्तानपुरा में भारी नुकसान हुआ है।
जमीनी मोर्चे पर उतरे अरोरा और महाजन
इधर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा मिट्टूखेड़ी, सिराड़ी, बनखेड़ा और रेवासी के जलमग्न खेतों में पहुंचे। उन्होंने किसानों के बीच जाकर कहा कि किसान भाई घबराएं नहीं, मध्य प्रदेश में आपकी अपनी सरकार है। अरोरा ने मौके से ही अधिकारियों को फोन कर सर्वे के निर्देश दिए और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात कर पाई-पाई का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन ने भी प्रभावित गांवों में पहुंचकर हालातों का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत कार्यों में कोई ढिलाई न बरतने की हिदायत दी।


